मप्र के अधिकतर जिले बारिश से तरबतर,4 दिन तक इसी तरह बारिश होगी

मप्र के अधिकतर जिले बारिश से तरबतर,4 दिन तक इसी तरह बारिश होगी

भोपाल

 जुलाई का पहला पखवाड़ा सूखा गुजरने के बाद मप्र में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के अलावा देश मैं अलग-अलग स्थानों पर चार अन्य वेदर सिस्टम सक्रिय हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन सिस्टम के प्रभाव से पर्याप्‍त नमी मिल रही है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बरसात का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में गुरुवार को रुक-रुककर बारिश होती रही। शुक्रवार सुबह तेज बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया।

इसी क्रम में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले चौबीस घंटों के दौरान पचमढ़ी में 63.0, भोपाल में 58.6, छिंदवाड़ा में 57.4, शाजापुर में 57.0, नरसिंहपुर में 56.0, बैतूल में 53.2, होशंगाबाद में 47.4, खंडवा में 42.0, दमोह में 35.0, खजुराहो में 33.2, जबलपुर में 24.6, सीधी में 14.6, उमरिया में 14.4, मंडला में 14.0, ग्‍वालियर में 13.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वरिष्‍ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक आज और कल सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन-चार दिन तक पानी गिरेगा। कभी रुक-रुक कर तो की तेज बारिश हेगी। एक और अच्छी खबर यह है कि 27 जुलाई को भी एक लो प्रेशर एरिया बन रहा है। अगर वह बनता है, तो जुलाई के अंत में पूरे सप्ताह पानी गिर सकता है। भोपाल में 24 घंटे में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार-शुक्रवार को रात का पारा दो डिग्री लुढ़कर करीब 23.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

सामान्य से 5% कोटा कम हो गया था

भोपाल में 22 दिन के इंतजार के बाद बारिश हुई है। जुलाई में अब तक पानी नहीं गिरने से बारिश का कोटा सामान्य से नीचे चला गया था। 22 जुलाई की स्थिति में भोपाल में 327 मिमी बारिश हो चुकी थी, जबकि सामान्य कोटा 346 मिमी का है। हालांकि बीते चौबीस घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण अब कोटा सामान्य से ज्यादा होने की उम्मीद हो गई है।

होशंगाबाद: 4 दिन से रुक-रुक कर बारिश

लंबे इंतजार के बाद होशंगाबाद में एक बार फिर मानसून के एक्टिव होने से मौसम बदला है। पिछले 4 दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम खुशनुमा हो चुका है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से जिलेभर में बारिश हो रही है। इस दौरान कहीं रिमझिम तो कहीं रुक-रुककर झमाझम बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में सोहागपुर में 8 इंच सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की। तवा डैम में भी 24 घंटे में 6.6 फीट जलस्तर बढ़ा है।