भाजपा नेताओं को निगम-मंडल में संभावित पदाधिकारियों की फाइनल सूची तैयार

भाजपा नेताओं को निगम-मंडल में संभावित पदाधिकारियों की फाइनल सूची तैयार

भोपाल
निगम मंडल में नियुक्ति के लिए इंतजार कर रहे भाजपा नेताओं के लिए सावन का महीना नियुक्तियों की सौगात लेकर आने वाला है। भाजपा नेतृत्व ने निगम मंडलों में नियुक्त किए जाने वाले संभावित पदाधिकारियों की फाइनल सूची तैयार कर ली है और यह आने वाले दिनों में किसी भी दिन जारी हो सकती है। इसमें यह भी तय हो गया है कि किस नेता को किस निगम, मंडल या बोर्ड में स्थान मिलेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्द ही निगम, मंडल, विकास प्राधिकरण और बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के तौर पर भाजपा नेताओं की नियुक्ति को हरी झंडी देने वाले हैं जिसके बाद विभागों द्वारा नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के पिछले दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात और फिर कल राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ हुई करीब पौने घंटे के मुलाकात के बाद यह तय हो गया है कि  किस नेता को कौन सा पद मिलेगा? यह बात भी सामने आई है कि संगठन ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में आए पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी पदों से नवाजने पर सहमति दी है और इसमें उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। पूर्व में कुछ नामों को लेकर आम सहमति नहीं बन पाने से यह काम टलता जा रहा था। इसको लेकर राष्टÑीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से भी चर्चा हुई है।अब सावन मास  इंतजार कर रहे नेताओं के लिए खुशियां लेकर आने वाला है।

निगम मंडल नियुक्तियां नहीं हो पाने के कारण संगठन में प्रवक्ता, पैनलिस्ट के रिक्त पदों को भरने का काम भी टल रहा था। सूत्रों का कहना है कि जैसे ही निगम मंडल में नियुक्ति के आदेश जारी होंगे, उसके बाद बाकी बचे नामों को पार्टी प्रवक्ता, पैनलिस्ट की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश कार्यकारिणी और कार्यसमिति की घोषणा के बाद अब प्रवक्ताओं की सूची का इंतजार पार्टी के कार्यकर्ताओं को है।