बिहार में कोरोना की चपेट में आकर तीन की मौत, डॉक्टर समेत 139 नए Covid-19 संक्रमित मिले
पटना
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को तीन लोगों की मौत कोरोना से हो गई, जबकि एक डॉक्टर समेत 139 नए लोग संक्रमित हुए। मृतक में से दो पटना के जबकि एक सारण का निवासी है। इनमें राजीव नगर के अनिल सिंह, अशोक नगर कंकड़बाग के सुरेश प्रसाद गुप्ता और सारण के राजेंद्र सिंह शामिल हैं। तीनों की मौत एम्स में इलाज के दौरान हुई।
उधर, पीएमसीएच में हुई जांच में एक डॉक्टर समेत 10 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें छह पीएमसीएच के भर्ती मरीज और एक सुपौल का निवासी है। पीएमसीएच में कुल 1283 लोगों की कोरोना जांच हुई थी। अब पटना में कुल संक्रमितों की संख्या 49 हजार 881 हो गई है। इनमें 47 हजार 852 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक्टिव संक्रमितों की कुल संख्या 1640 रह गई है।
एम्स पटना के कोरोना योद्धा डॉ. नीरज कुमार निगेटिव हो गए हैं। एनेस्थियोलॉजी के डॉ. नीरज पिछले आठ महीने से लगातार कोविड वार्ड में मरीजों की सेवा कर रहे थे। 10 दिन पहले वे कोरोना संक्रमित हो गए थे। होम आइसोलेशन में रहकर डॉक्टरों की निगरानी में वे स्वस्थ हो गए। पिछले 10 दिनों में एम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के दो तथा रेडियोलॉजी के एक फैकल्टी तथा चार सीनियर रेसीडेंट कोरोना पॉजिटिव हुए थे।
एम्स में कोरोना के नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि बुधवार को कुल 17 नए संक्रमित भर्ती हुए, जबकि तीन लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अब कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या 143 हो गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार 1330 लोगों की जांच रिपोर्ट आई, जिनमें 15 पॉजिटिव निकले।
bhavtarini.com@gmail.com 
