बिहार पुलिस के 6 अफसर बनेंगे आईपीएस अधिकारी

 बिहार पुलिस के 6 अफसर बनेंगे आईपीएस अधिकारी

 पटना 
बिहार पुलिस सेवा के छह अफसरों के भारतीय पुलिस सेवा में नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। प्रोन्नति द्वारा होने वाली इस नियुक्ति के लिए गृह मंत्रालय ने मंगलवार को चयन सूची जारी कर दी। इसमें आठ अफसरों के नाम हैं पर दो को औपबंधिक रूप से इस सूची में रखा गया है। इन दोनों अफसरों को छोड़ बाकी के छह अधिकारियों की प्रोन्नति की अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना है।

आईपीएस की चयन सूची में शामिल पुलिस अफसरों में राज्यपाल के एडीसी राकेश कुमार दुबे भी हैं। इनके अलावा संजय भारती (एसडपीओ, फुलवारीशरीफ), चंद्र शेखर प्रसाद विद्यार्थी (एएसपी, पटना), हरि मोहन शुक्ला (एएसपी, कटिहार), शीला ईरानी (अपर आयुक्त, पटना नगर निगम) और बलराम चौधरी (एएसपी, सहरसा) का आईपीएस बनना तय है। प्रोन्नति के बाद इन अधिकारियों को वर्ष 2013 बैच मिलने की संभावना है। बैच का आवंटन प्रोन्नति के बाद होता है। वहीं दो पुलिस अफसर विश्वजीत दयाल (एएसपी, ईओयू) और विजय कुमार (एसडीपीओ, समस्तीपुर) की आईपीएस में नियुक्ति विभिन्न कारणों से फिलहाल नहीं हो पाएगी।