पटना की आयकर टीम ने रांची में दो बड़े ठेकेदारों के यहां की छापेमारी, बड़े पैमाने पर करोड़ों की गड़बड़ी के सुराग मिले
पटना
आयकर विभाग की पटना की टीम ने मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची में दो बड़े ठेकेदारों के यहां छापेमारी की। छापेमारी के लिए पटना से रांची विभाग की 12 टीमें गई है। टीम में शामिल सदस्यों की ओर से की गई इस छापेमारी में दोनों ठेकेदारों के यहां करोड़ों रुपए बरामद हुए हैं जिसका कोई हिसाब नहीं है। आयकर टीम की छापेमारी बुधवार को भी जारी रहेगी।
पटना आयकर कार्यालय के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की 12 टीमों ने झारखंड के बड़े ठेकेदार माने जाने वाले पंचम सिंह और परमा सिंह के दर्जन भर ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। दोनों ठेकेदार झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों का काम करते हैं। पूर्व सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में दोनों की कंपनियों में बड़े पैमाने पर करोड़ों की गड़बड़ी के सुराग आयकर टीम को मिले हैं। नकदी के अलावा बैंकों में जमा पैसे का दोनों ठेकेदार हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। यही नहीं, ठेका लेने में भी दोनों ठेकेदारों की ओर से प्रभाव का इस्तेमाल करने की बात सामने आ रही है।
आयकर अधिकारियों के अनुसार दोनों ठेकेदारों के यहां कितनी राशि वैध-अवैध पाई गई, यह छापेमारी समाप्त होने के बाद ही पता चल सकेगा। संभावना है कि बुधवार को जब छापेमारी समाप्त होगी तब आयकर टीम यह बताने की स्थिति में होगी कि दोनों ठेकेदारों ने कितने पैसे का हेर-फेर किया है। साथ ही, इन दोनों ने कितने की करवंचना की है। छापेमारी के दौरान दोनों ठेकेदारों के परिजनों व कर्मियों को अंदर-बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। छापेमारी जारी रहने तक यही व्यवस्था जारी रहेगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
