दो चुनावी सभाओं को राहुल गांधी 28 को करेंगे संबोधित

दो चुनावी सभाओं को राहुल गांधी 28 को करेंगे संबोधित

पटना 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 28 अक्टूबर (बुधवार) को बिहार में वाल्मीकि नगर और कुशेश्वर अस्थान में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। राज्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने सोमवार को बताया कि गांधी दोपहर 12 बजे वाल्मीकि नगर और 2.30 बजे कुशेश्वर अस्थान में सभा को संबोधित करेंगे। वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव 7 नवंबर को होगा जबकि कुशेश्वर अस्थान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में तीन नवंबर को मतदान होगा।

बता दें कि बिहार विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार का शोर सोमवार की शाम को थम गया। 28 अक्टूबर को इस चरण में 16 जिलों की 71 सीटों के लिए मतदान होना है। पहले चरण में राज्य सरकार के आठ मंत्रियों समेत कई दिग्गज मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 28 को ईवीएम में कैद हो जाएगा।  

इस चरण में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होना है, उनमें शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार,विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री जय कुमार सिंह,  राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल, श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा, खनन मंत्री बृजकिशोर बिंद और परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला शामिल हैं।  

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश, श्रेयसी सिंह, अनंत सिंह, राजेंद्र सिंह, रामेश्वर चौरसिया और भगवान सिंह कुशवाहा मैदान में हैं।