चार लोगों की मदद से पत्नी ने पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जलाया
कासगंज
उत्तर प्रदेश के कासगंज में पहाड़पुर खुर्द गांव के बाहर ससुरालियों ने एक युवक के साथ मारपीट की और पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में युवक को उसके घर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घायल युवक ने रविवार की सुबह निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, ससुर समेत चार नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतक का पत्नी से विवाद चल रहा था।
पहाड़पुर खुर्द निवासी सुरेशचंद्र ने सोरों कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते शनिवार की शाम 6:30 बजे उसका 25 वर्षीय बेटा अपने घर पर था। तभी गांव के हेमंत उसे अपने साथ बुलाकर गांव के बाहर ईंट भट्टे पर पथाई का कार्य कर रहे अमित के ससुरालियों के पास ले गया। यहां राकेश, हेमंत, उसकी पत्नी संगीता, ससुर रामस्वरूप ने उसके बेटे अमित के साथ लाठी डंडों से मारपीट की और उसके बाद पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी।
गंभीर हालत में अमित को चारपाई पर डालकर उसके घर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। अमित को गंभीर हालत में सोरों सीएचसी से रेफर कर दिया गया। रविवार की सुबह करीब 7 बजे अमित ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है।
bhavtarini.com@gmail.com 
