कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण 5 फरवरी से शुरू किया जाए: CM योगी

 कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण 5 फरवरी से शुरू किया जाए: CM योगी

 लखनऊ  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोविड वैक्सीनेशन अभियान में चार व पांच फरवरी को स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का काम पूरा किया जाए। इसके साथ ही पांच फरवरी से कोरोना फ्रंटलाइन कर्मियों के वैक्सीनेशन का काम शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि वैक्सीनेशन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों, मानकों व क्रम के अनुसार चलाया जाए। कोविड वैक्सीनेशन अभियान में 4.36 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। प्रदेश में कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स की संख्या लगभग आठ लाख है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूरा पालन करने की अपील करते हुए कहा कि कोविड-19 की संक्रमण दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज होने के बावजूद कोरोना का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना जांच का काम पूरी क्षमता से की जाए। कोविड चिकित्सालयों में उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कोविड अस्पतालों में दवाओं, मेडिकल उपकरणों और बैकअप सहित ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। रविवार को प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न किए जाने के निर्देश दिए हैं।