केजरीवाल बोले- अहंकारी हो गई है कांग्रेस, उसके उम्मीदवार जमानत गंवा बैठेंगे

केजरीवाल बोले- अहंकारी हो गई है कांग्रेस, उसके उम्मीदवार जमानत गंवा बैठेंगे

नई दिल्ली
 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने दम पर चुनाव लड़ने के कांग्रेस के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पार्टी को ‘अहंकारी’ करार देते हुए दावा किया कि चुनाव में उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी। मुस्तफाबाद में एक जनसभा में केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को गठबंधन करने के लिए राजी करने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं समझ पाई। उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस लोकसभा चुनाव में दिल्ली में अपनी जमानत गंवा बैठेगी।
 
सर्वे- सभी सीटों पर जीत रही ‘आप’
आम आदमी पार्टी (आप) के एक सर्वे में 81 प्रतिशत दिल्ली वासियों ने दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य की वकालत की है। दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें भी ‘आप’ के खाते में जाती बताई हैं। साथ ही भारत-पाक तनाव से भाजपा को नुक्सान होने की बात भी सामने आई है। कांग्रेस से गठबंधन के इंकार के बाद यह सर्वे दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर 5 और 6 मार्च को कराया गया है। इस सर्वे में 18,725 लोगों से टैलीफोन के जरिए विभिन्न मुद्दों पर राय मांगी गई। सर्वे के अनुसार दिल्ली के 52 प्रतिशत लोग आगामी लोकसभा चुनाव में ‘आप’ को वोट देंगे। 36 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी को वोट देंगे। कांग्रेस को 7 प्रतिशत और अन्य को 5 प्रतिशत वोट मिलेंगे।

सर्वे में लोगों ने माना कि पिछले 3 महीनों के दौरान पूरी दिल्ली में सड़क, नाली, सीवर, क्लास रूम, फ्लाईओवर, फुट-ओवरब्रिज, पानी की नई पाइपलाइनें डालने जैसे अनेक विकास कार्यों के कारण लोगों के बीच आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ा है। लोगों ने यह भी माना कि फिलहाल दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए 2015 विधानसभा जैसा माहौल है। सर्वेक्षण में लोगों से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने संबंधी मुद्दे पर भी सवाल पूछे गए। दिल्ली में 81 प्रतिशत लोगों का कहना है कि पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। 56 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे पूर्ण राज्य के मुद्दे पर वोट करेंगे। सर्वे के मुताबिक निम्न और मध्यम वर्ग में भी आम आदमी पार्टी को समर्थन मिल रहा है। निम्न वर्ग में 78 प्रतिशत लोग आम आदमी पार्टी को वोट करने जा रहे हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी को इस वर्ग का 10 प्रतिशत वोट मिलेगा जबकि कांग्रेस को 6 और अन्य को भी 6 प्रतिशत वोट की बात कही गई।

38 प्रतिशत लोगों ने भारतीय जनता पार्टी, 8 प्रतिशत ने कांग्रेस जबकि 2 प्रतिशत अन्य को वोट देने की बात कह रहे हैं। सर्वे में व्यापारी वर्ग पूरी तरह से आम आदमी पार्टी के साथ नजर आया है। एक महीने पहले मुसलमानों का कुछ प्रतिशत वोट कांग्रेस की तरफ जा रहा था लेकिन अब 75 प्रतिशत मुस्लिम वोट ‘आप’ के साथ हैं। कांग्रेस को मुस्लिम समुदाय के बीच 14 प्रतिशत वोट मिल रहा है जबकि 11 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने कहा कि अभी उन्होंने कुछ तय नहीं किया है। सर्वे के मुताबिक भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव की वजह से भारतीय जनता पार्टी को नुक्सान उठाना पड़ रहा है। 54 प्रतिशत लोगों ने माना कि इस मामले का राजनीतिकरण करने की वजह से भारतीय जनता पार्टी को नुक्सान उठाना पड़ेगा।