आज से 9 मई तक चलेगा किल कोरोना 2 अभियान, कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने गठित किए दल

आज से 9 मई तक चलेगा किल कोरोना 2 अभियान, कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने गठित किए दल

भोपाल
इंदौर से जामनगर गुजरात आक्सीजन के लिए भारतीय वायुसेना के एयरक्रॉफ्ट सी -17 से भेजा गया टैंकर आज देर रात रात या कल सुबह एमपी आ सकता है। हालांकि इस मामले में अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं कि टैंकर कब लौटेगा। इस टैंकर को कल देर शाम जामनगर के लिए रवाना किया गया था। केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समन्वय से भारतीय वायुसेना का विमान इंदौर से आॅक्सीजन का खाली टैंकर लेकर गुजरात भेजा गया है। वायुमार्ग से टैंकर भेजकर ट्रैवलिंग टाइम में बचत का प्रयास सरकार ने किया है ताकि वापसी का ही समय लगे। भारतीय वायुसेना का एयरक्राफ्ट शुक्रवार को इंदौर एयरपोर्ट से 30 मीट्रिक टन क्षमता का खाली आॅक्सीजन टैंकर लेकर गया है।

प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज से 9 मई तक सभी जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में किल कोरोना अभियान-2 चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सभी जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में कलेक्टर तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चयनित हॉट स्पॉट, जहां कोविड-19 पॉजिटिविटी दर में वृद्धि हो रही हो, वहां कोरोना की ट्रांसमिशन चेन को तोड़ने के लिए गठित दल घर-घर जाएंगे। वे यहां बुखार के लक्षण वाले कोरोना के संभावित रोगियों की खोज करेंगे। किल कोरोना अभियान-2 के लिए प्रदेश के सभी जिलों में दलों का गठन कर प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षित दल विकासखंडवार अभियान को संचालित करेंगे। अभियान में शामिल स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा आशा कार्यकर्ताओं के पास संसाधन एवं उपचार हेतु आवश्यक औषधियाँ भी उपलब्ध रहेंगी। अभियान में जन-प्रतिनिधियों, एनजीओ तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग भी लिया जाएगा।