अपेक्स बैंक के नवनियुक्त प्रशासक अशोक सिंह आज करेंगें पदभार ग्रहण

अपेक्स बैंक के नवनियुक्त प्रशासक अशोक सिंह आज करेंगें पदभार ग्रहण

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और अपेक्स बैंक के नवनियुक्त प्रशासक अशोक सिंह मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में कांग्रेस पदाधिकारियों ने सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं । अशोक सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ का आभार व्यक्त किया। सिंह बुधवार को पदभार ग्रहण करेंगें।

अशोक सिंह ने उपस्थित पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है और जो जिम्मेदारी सौपी हैं, मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं अनुशासन से बंधा हुआ व्यक्ति हूं और पूरी ईमानदारी से जनता के हित के लिए कार्य करता हंू और आगे भी करूंगा। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि मैं पार्टी के माध्यम से सहकारिता के क्षेत्र में मजबूती से कार्य करूंगा, ताकि कॉपरेटिव से जुड़े हर वर्ग को इसका सीधा लाभ मिल सके और आने वाले पांच सालों में सहकारिता को ऊंचाईयों तक पहुंचा सकूं।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने अशोक सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने श्री सिंह का अपेक्स बैंक के प्रशासक के रूप में चयन कर एक जुझारू, ऊर्जावान, श्रेष्ठ और योग्य व्यक्ति हमें दिया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि श्री सिंह सहकारिता के आंदोलन में गति लाएंगे और पूरे प्रदेश में शहरी और ग्रामीण अंचल के लोगों को निश्चित ही इसका लाभ मिलेगा।