विधानसभा से पहले बिहार विधान परिषद का चुनाव, 22 को होगा 102 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

विधानसभा से पहले बिहार विधान परिषद का चुनाव, 22 को होगा 102 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
anand sharan पटना, बिहार में सबसे पहले बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव होगा। इस चुनाव में 102 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 22 अक्टूबर को मतदाता करेंगे। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल आठ सीटों के लिए मतदान होगा। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चार सीटों के लिए मतदान होगा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 59 प्रत्याशी हैं जिनमें एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं। कोसी स्नातक में सर्वाधिक तथा तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम उम्मीदवार हैं। जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 43 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें तीन महिला प्रत्याशी हैं। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन से सर्वाधिक एवं पटना शिक्षक से सबसे कम उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन क्षेत्रों में 340 मतदान केंद्र बनाए गए  इस चुनाव में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 4,07,889 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 3,07,363 पुरुष, 1,00,480 महिला एवं 46 तृतीय जेंडर के मतदाता शामिल हैं। जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 40,413 मतदाता हैं, जिनमें 31,694 पुरुष, 8715 महिला एवं 04 तृतीय जेंडर शामिल हैं। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर निर्वाचन क्षेत्रों में 340 मतदान केंद्र बनाए गए है।