वैक्सीन लगवाकर अपने क्षेत्र को कोरोना मुक्त बनाने में योगदान दें - मनीषा सिंह
भाजपा जिला पदाधिकारी मण्डलअध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक संपन्न

मण्डला - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष वी.डी.शर्मा के आव्हान पर कोरोना से बचाव कार्य के लिए वैक्सीन टीकाकरण अभियान के तहत भाजपा संगठन के कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर जनजागरण अभियान चला रहे हैं। मंडला जिले में टीकाकरण को लेकर जनजागरण रथ मण्डलों के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर टीकाकरण के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। उक्त आशय के उद्गार भाजपा प्रदेश मंत्री शहडोल विधायक मनीषा सिंह ने भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में व्यक्त हुए कहा कि संगठन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का अवसर हमें मिला है। जिले के सभी मण्डलों में कार्यक्रम सफलता पूर्वक चलता रहे। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए कोरोना के विरूद्व लड़ाई में टीकाकरण अभियान सबसे बड़ा हथियार है। प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ताओं की कोशिश रहे कि टीकाकरण शत प्रतिशत नागरिकों का हो सके ताकि मण्डला जिले में प्रत्येक गांव में संभावित तीसरी लहर का प्रभाव न रहे भाजपा संगठन द्वारा नगरकेन्द्र/ग्रामकेन्द्र तथा बूथ में स्वास्थ्य स्वयं सेवक कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया जा रहा है ताकि इनके सेवा ही संगठन है के संकल्पयुक्त प्रयासों से क्षेत्र कोरोना मुक्त हो सके। भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी ने बैठक के शुभारंभ अवसर पर 21 जून से 31 जुलाई तक चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जिले के सभी 940 बूथों पर 11 हजार पौधों का रोपण एवं उनका संरक्षण करने में कार्यकर्ता पूरी सजगता एवं समर्पण के साथ लगे हुए है। मण्डला विधायक देवसिंह सैयाम ने कहा कि इस समय शासन प्रशासन एवं पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ कार्य में लगा हुआ है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियोंं को भी बधाई देते हुए कहा कि सेवा ही संगठन है इस संकल्प को हमें टीम भावना के साथ पूरा करना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नीरज मरकाम एवं आभार जिला मंत्री अनीता तिवारी ने व्यक्त किया। बैठक में भाजपा के जिला पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्ष उपस्थित थे।