मुख्य सचिव ने युवा जिला कलेक्टरों से विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर की चर्चा
फील्ड की चुनौतियों, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक नवाचारों पर लिया फीडबैक
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को शासन सचिवालय में युवा जिला कलेक्टरों के साथ बैठक कर शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर अपराध की रोकथाम, हरियालो राजस्थान तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कलेक्टरों से फील्ड स्तर की चुनौतियों, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक नवाचारों के संबंध में फीडबैक लिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता नागरिक केन्द्रित, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी शासन होनी चाहिए। उन्होंने कलेक्टरों को नियमित फील्ड विजिट के माध्यम से योजनाओं एवं सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार पर जोर
मुख्य सचिव ने विद्यालयों में सुरक्षित एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना, स्वच्छ पेयजल तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला कलेक्टरों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं में कमियों की पहचान और उनके समयबद्ध समाधान पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में स्कूल आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण पर 3 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें
श्रीनिवास ने जिला कलेक्टरों से स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा तथा सीएमएचओ एवं संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की निगरानी और चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक स्तर के चिकित्सा संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी प्रबंधन किया जा सकता है।
साइबर अपराध की रोकथाम पर चर्चा
मुख्य सचिव ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिला स्तरीय समितियों को सक्रिय रखने तथा संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे नए एवं संदिग्ध बैंक खातों की पहचान और उन पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
श्रीनिवास ने साइबर अपराध संबंधी हेल्पलाइन नंबर 1930 पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करने तथा आमजन में साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
हरियालो राजस्थान में जनभागीदारी बढ़ाएं
मुख्य सचिव ने हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता बताई, जिससे पौधरोपण के दीर्घकालिक परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
श्रीनिवास ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने जिला कलेक्टरों से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर फील्ड स्तर पर कार्यों की प्रगति पर नजर रखने को कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिला कलेक्टर प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और फील्ड में उनकी सक्रियता का सीधा प्रभाव आमजन तक पहुंचने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ता है। उन्होंने युवा अधिकारियों को नवाचार, तकनीक और बेहतर प्रशासनिक पद्धतियों का उपयोग करते हुए नागरिक केन्द्रित प्रशासन को और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में अलवर, भरतपुर, दौसा, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर एवं करौली के जिला कलेक्टर उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

