राष्ट्रपति मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में होगा राज्य स्तरीय समारोह
भोपाल, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु विश्व सिकल सेल दिवस 19 जून को ओंकारेश्वर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
सिकल सेल रोग उन्मूलन की दिशा में मध्यप्रदेश लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। जनजातीय बहुल क्षेत्रों में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाकर अब तक 1 करोड़ 32 लाख 43 हजार 877 से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। इनमें 39 हजार 948 रोगियों और 2 लाख 42 हजार 648 कैरियर की पहचान की गई है। साथ ही 1 करोड़ 20 लाख 28 हजार 881 से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और 3,700 सिकल मित्रों को समुदाय आधारित जागरूकता एवं सहयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
प्रदेश में नेशनल सिकल सेल पोर्टल के माध्यम से स्क्रीनिंग, ट्रैकिंग एवं सतत डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे रोगियों की नियमित निगरानी एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित हो रहा है। गर्भवती महिलाओं की सिकल सेल जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा विशेष प्रबंधन संबंधी नवाचारों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क दवाइयाँ, आवश्यक जांच एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रदेश के जनजातीय अंचलों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, चिकित्सकीय एवं प्रबंधकीय स्टाफ का निरंतर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी (यूडीआईडी) कार्ड एवं पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में भी नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 