राम जन्मभूमि सहित उप्र की सड़कें होंगी कल्याण सिंह के नाम पर

राम जन्मभूमि सहित उप्र की सड़कें होंगी कल्याण सिंह के नाम पर

लखनऊ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को घोषणा की कि अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाली एक सड़क का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, बुलंदशहर और अलीगढ़ में भी एक-एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।

21 अगस्त की रात हो गया था निधन

मालूम हो कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद 21 अगस्त की रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे 89 वर्षीय कल्याण सिंह 4 जुलाई से एसजीपीजीआई में भर्ती थे।

यूपी में तीन दिन का शोक घोषित

बता दें कि कल्याण सिंह के निधन के बाद यूपी में तीन दिन का शोक घोषित किया गया है। रविवार को अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को लखनऊ स्थित आवास में रखा गया था, जिसके बाद विधान भवन और भाजपा पार्टी कार्यालय में भी अंतिम दर्शन हुए। आज अलीगढ़ के अतरौली स्थित पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

अपने पुराने भाषण में उन्होंने कहा था कि उनका जीवन भाजपा को समर्पित है। उनकी अंतिम इच्छा है कि उनका पार्थिव शरीर भाजपा के झंडे में लिपटा हो। पार्टी ने रविवार को अंतिम दर्शन के दौरान यूपी भाजपा कार्यालय में कल्याण सिंह की इस इच्छा को भी पूरा किया।