मिशन निदेशक एनएचएम ने किशनपोल चिकित्सालय में रक्तदान शिविर एवं मदर लैब का किया निरीक्षण

मिशन निदेशक एनएचएम ने किशनपोल चिकित्सालय में रक्तदान शिविर एवं मदर लैब का किया निरीक्षण

रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत हब एंड स्पोक मॉडल की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

जयपुर। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) डॉ. जोगाराम ने राजकीय सैटेलाइट किशनपोल चिकित्सालय में आयोजित विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में रक्तदान कर रहे लोगों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 इस अवसर पर डॉ. जोगाराम ने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का उत्कृष्ट माध्यम है। स्वैच्छिक रक्तदाताओं के योगदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।

 उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

 मिशन निदेशक ने राजकीय सैटेलाइट किशनपोल चिकित्सालय में संचालित हब एंड स्पोक—मदर लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत संचालित जांच प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 उन्होंने सैंपल कलेक्शन, ऑनलाइन एंट्री, बारकोड सिस्टम, सैंपल प्रोसेसिंग, रिपोर्ट वेरिफिकेशन एवं रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया को देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

 डॉ. जोगाराम ने निर्देश दिए कि जांच सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित बारकोडिंग एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग से जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाया जा रहा है।

 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मरीजों को समय पर सही जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो, इसके लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
 निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय प्रशासन, एनएचएम के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।