पंजाब परिवहन नेटवर्क का होगा विस्तार, शामिल होंगी 1,265 नई बसें

पंजाब परिवहन नेटवर्क का होगा विस्तार, शामिल होंगी 1,265 नई बसें

चंडीगढ़, पंजाब सरकार ने राज्य के परिवहन नेटवर्क के बेड़े के विस्तार की घोषणा की है। पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को चंडीगढ़ में बताया कि सरकार पीआरटीसी में 659 और पनबस में 606 बसें शामिल करेगी। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि हाल ही में किलोमीटर स्कीम के तहत 250 बसें पहले ही बेड़े में जोड़ी जा चुकी हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य के भीतर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है और इसमें विशेष रूप से पंजाब के निवासियों को प्राथमिकता दी गई है। इस योजना के तहत निजी बस मालिकों को अपने वाहनों को सरकारी मानकों और सुरक्षा नियमों के अनुरूप तैयार करने की छूट दी गई है।

पीआरटीसी के लिए 659 बसों के लक्ष्य को पूरा करने के लिए परिवहन विभाग केवल किलोमीटर स्कीम तक सीमित नहीं है, बल्कि विभाग 100 मिनी बसों और 309 अन्य मानक बसों की खरीद के लिए सक्रिय टेंडर प्रक्रिया में है, जिससे परिवहन ढांचे का व्यापक आधुनिकीकरण सुनिश्चित किया जा सके। पनबस के लिए निर्धारित 606 बसों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि 387 बसें सीधे पनबस के सामान्य बेड़े में शामिल की जाएंगी ताकि विभिन्न रूटों पर बढ़ती मांग को तुरंत पूरा किया जा सके। शेष बसें किलोमीटर स्कीम के तहत शामिल की जाएंगी, जिससे संचालन क्षमता और रूट कवरेज में और सुधार होगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस चरण में 19 वोल्वो बसें और 100 एचवीएसी (वातानुकूलित) बसें भी शामिल की जाएंगी, जो यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव देंगी। इसके अलावा, किलोमीटर स्कीम के तहत 100 सामान्य बसें भी जोड़ी जाएंगी, जिससे पनबस की कुल नई बसों की संख्या 606 हो जाएगी। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पी.आर.टी.सी. और पनबस दोनों के बेड़े में इस ऐतिहासिक विस्तार से पूरे पंजाब में कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक, विश्वसनीय और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।