मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से आसान हुई हिमेश की राह, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता को मिला संबल

मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से आसान हुई हिमेश की राह, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता को मिला संबल

रायपुर, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आवागमन संबंधी कठिनाइयों को कम करने के लिए समाज कल्याण विभाग की योजनाएं मददगार बन रही हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम बालगोमड़ा, ग्राम पंचायत उसरौद निवासी हिमेश कुमार पटेल को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से घर से बाहर आना-जाना और अपनी पढ़ाई जारी रखना पहले से आसान हुआ है।

    समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा संचालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत हिमेश कुमार पटेल, पिता होसराम पटेल को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इससे पहले उन्हें आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब वे अधिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्यों तथा शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।

    हिमेश और उनके परिवार ने इस सहायता के लिए छत्तीसगढ़ शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया है ।हिमेश कहते हैं कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल  उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा जारी रखने, दैनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहारा बनी है। समाज कल्याण विभाग की ऐसी पहल दिव्यांगजनों को सुविधाजनक जीवन और समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।