सरकार द्वारा पीएनजीआरबी ड्राइव 3 विशेष अभियान में अधिक से अधिक घरों को पीएनजी सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य

सरकार द्वारा पीएनजीआरबी ड्राइव 3 विशेष अभियान में अधिक से अधिक घरों को पीएनजी सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य

केन्द्र व राज्य सरकार का एलपीजी को डीपीएनजी में शिफ्ट करने पर फोकस

कोटा के विभिन्न इलाकों में शिविर भी होंगे आयोजित

जयपुर। राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस द्वारा हरित उर्जा को बढ़ावा देने के लिए 17 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक परिवारों को पाइपलाइन से घरेलू प्राकृतिक गैस सुविधा से जोड़ने का अभियान शुरु किया गया है। आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा एलपीजी कनेक्शनों को डीपीएनजी कनेक्शनों में परिवर्तित करने पर जोर देते हुए एलपीजी फ्री जोन बनाने पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा पीएनजीआरबी ड्राइव 3 के विशेष अभियान के तहत अधिक से अधिक घरों को पीएनजी सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य है। 

पीएनजी एक अत्यधिक सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक ईंधन है। इसमें पानी के नल की तरह घर घर पाइपलाइन द्वारा प्राकृतिक गैस पहुँचती है और 24x7 दिन उपलब्ध रहती है। बार बार गैस सिलिंडर बुक करने व बदलने का झंझट नहीं रहता है। इस त्यौहारी मौसम पर आरएसजीएल ने 31 दिसंबर 26 तक कोटा में घरों में पीएनजी सुविधा से जुड़ने वाले नए परिवारों के लिए 5000 पॉइंट (500 रुपये के बराबर पीएनजी गैस) प्रोत्साहन देने का निर्णय किया है।।
      
एमडी विनय पाटनी से आरएसजीएल के अधिकारियों से वर्चुअल बैठक में बताया कि भारत सरकार के पीएनजीआरबी द्वारा समूचे देश में अभियान चलाकर नागरिकों को जागरुक करने और डीपीएनजी सुविधा से जोड़ने का निर्णय किया गया है। अभियान के दौरान संरचनागत विकसित क्षेत्र के परिवारों को सीधे एवं विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर डीपीएनजी सुविधा से जोड़ा जाएगा। कोटा की बहुमंजिली इमारतों, गैस्ट हाउसों, पेइंग गैस्ट हाउसों, हॉस्टलों के साथ ही क्षेत्र के होटलों, रेस्टोरेंट आदि व्यावसायिक संस्थाओं के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।      
      
उपमहाप्रबंधक सीपी चौधरी और विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान की आवश्यक तैयारियां कर ली गई है। इस अवसर पर मुख्य वित अधिकारी दीप्तांशु पारीक और प्रबंधक आईटी गगनदीप राजोरिया सीएस विनिता सोनी और मीडिया प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने भी हिस्सा लिया।