विकास दुबे के मददगार एक दर्जन पुलिसवालों को नोटिस
कानपुर
कानपुर एनकाउंटर में बड़ा दंड और लघु दंड के आरोपित बनाए गए एक दर्जन पुलिसकर्मियों को डीआईजी ने नोटिस जारी किया है। पुलिसकर्मियों को यह बताना होगा कि उन्होंने गैंगस्टर विकास दुबे की मदद क्यों की। क्यों उसके जुर्म पर पर्दा डाले रहे। पुलिसकर्मियों का जवाब आने के बाद उनपर आरोप तय कर सजा की संस्तुति होगी।
बिकरू कांड को लेकर एसआईटी ने जो जांच की थी। उसमें धारा 14(1) बड़ा दंड के तहत पूर्व एसओ चौबेपुर विनय तिवारी, एसआई अजहर इशरत, एसआई चौबेपुर केके शर्मा, कुंवर पाल सिंह, विश्वनाथ मिश्रा, सिपाही चौबेपुर अभिषेक कुमार, रिक्रूट आरक्षी राजीव कुमार को आरोपित बनाया है। इसी तरह धारा 14(2) लघु दंड के तहत इंस्पेक्टर बजरिया राममूर्ति यादव, एसआई दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल चौबेपुर लायक सिंह, सिपाही विकास कुमार और कुंवर पाल सिंह को आरोपित बनाया गया है। डीआईजी डॉ. प्रीतिन्दर सिंह ने बताया कि इन सभी पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया गया है। सभी को जल्द से जल्द अपने जवाब देने के लिए कहा गया है।
जवाब से खुलेंगे कई राज
नोटिस में आरोपित पुलिसकर्मियों पर विकास दुबे के साथ देने के जो आरोप लगे हैं उसका जवाब मांगा गया है। पुलिसकर्मियों को यह बताना होगा कि आखिरकार उन्होंने विकास के गुनाहों पर पर्दा क्यों डाला और क्यों समय रहते कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मियों के जवाब आने के साथ कई और राज खुलने की संभावना है।
bhavtarini.com@gmail.com 
