रेलवे की एनटीपीसी श्रेणी की भर्ती परीक्षा 23 जुलाई से,76 शहरों के 260 केंद्रों पर होगी परीक्षा
नई दिल्ली
रेलवे की विभिन्न गैर तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी) के रिक्त पदों के लिए भर्ती परीक्षा का सातवां और आखिरी चरण 23 जुलाई से शुरू होगा। इस परीक्षा का आयोजन 23, 24, 26 और 31 जुलाई को किया जाएगा। इसमें दो लाख 78 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। देश भर में 76 शहरों के 260 केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा के साथ ही कंप्यूटर आधारित परीक्षा का पहला चरण पूरा हो जाएगा।
रेलवे ने एक बयान जारी कर कहा है कि परीक्षा के दौरान कोविड-19 प्रोटोकोल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। इसके पहले 35,281 रिक्तियों वाली इस श्रेणी की परीक्षा के 6 चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें 1.23 करोड़ उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। इनका आयोजन 28 दिसंबर 2020 से 8 अप्रैल 2021 के बीच किया गया था। सातवें चरण की परीक्षा के अधिकांश उम्मीदवारों को उनके गृह राज्य में केंद्र आवंटित किए गए हैं। जहां राज्य के भीतर आवंटन संभव नहीं है, उम्मीदवारों को रेल संपर्क वाले पड़ोसी राज्य में समायोजित किया गया है।
निर्धारित परीक्षा वाले शहरों में ई-कॉल लेटर एवं डेट इंटीमेंशन लिंक को परीक्षा की तिथि से चार दिन पहले डाउनलोड किया जा सकेगा। सातवें चरण में निर्धारित सभी उम्मीदवारों के लिए आवश्यक सूचना उनके ऑनलाइन आवेदनों में किए गए उनके ई-मेल तथा मोबाइल नंबरों पर भी भेजी जा है। उम्मीदवारों को कॉल लेटर के साथ जारी कोविड संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने का सुझाव दिया गया है। फेस मास्क का उपयोग अनिवार्य है। उम्मीदवारों को प्रवेश करने की अनुमति तभी मिलेगी जब उन्होंने फेस मास्क पहना होगा और साथ ही फेस मास्क को पूरे समय पहन कर रखना होगा (सिवाय फोटो लेने के समय को छोड़कर)।
bhavtarini.com@gmail.com 
