भागलपुर में पुलिस वर्दी में बिजनेसमैन के घर में घुसकर लुटेरों ने साढ़े तीन लाख कैश और जेवर लूटे

भागलपुर में पुलिस वर्दी में बिजनेसमैन के घर में घुसकर लुटेरों ने साढ़े तीन लाख कैश और जेवर लूटे

भागलपुर 
बिहार के भागलपुर में कमजोर पुलिसिंग की वजह से लूट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। हबीबपुर थाना क्षेत्र के आनंदनगर कॉलोनी में चावल व्यवसायी निरंजन साह उर्फ नीरज के घर में सैफ जवान की वर्दी पहन बदमाश घुसे और कुर्की वारंट होने की बात कहकर लूटपाट की। व्यवसायी के घर से 3.20 लाख रुपये नगद और आभूषण लूट लिये। सूचना मिलने पर रात में ही सिटी एसपी एसके सरोज और सिटी डीएसपी राजवंश सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। व्यवसायी नीरज की पत्नी नम्रता देवी ने पुलिस को बताया है कि वह शनिवार की रात पड़ोस की महिलाओं के साथ बैठकर बातचीत कर रही थी। तभी दो बाइक से तीन लोग आये जिनमें एक ने वर्दी पहन रखा था। उसने कहा कि कुर्की वारंट है इसलिए आये हैं। यह सुनते ही वहां बैठी महिलाएं चली गयीं। उसने पूछा कि पति कहां है तो उन्होंने बताया कि वे पिछले 15 दिन से घर नहीं आये हैं बाहर गये हैं। 

इसपर बदमाश ने कहा कि आज सुबह ही तो वह दिखे हैं, इसलिए झूठ न बोलें। फिर पत्नी ने बताया कि वे अपने दोस्त के साथ परबत्ता गए हैं। उसने पति का पहले मोबाइल नंबर मांगा। नहीं दिया तो उसने महिला के ही मोबाइल से उसके पति को फोन लगवाया। महिला ने कहा कि वर्दी में आये हैं और कह रहे हैं कि कुर्की वारंट है। उसके बाद उस बदमाश ने भी मोबाइल पर बात की और वारंट की बात कही तो व्यवसायी ने कहा कि उसके खिलाफ केस तो है नहीं फिर कुर्की वारंट कैसे आ गया। उसने कहा कि वह जल्दी ही घर पहुंच जायेंगे फिर बात करेंगे।
 
हथियार के बल पर आलमारी खुलवायी व नगद और आभूषण ले लिया 
बदमाश ने कुर्की के लिए सामान चेक करने की बात कही और उपर के तल्ले पर चला गया। वहां टेबल पर आलमारी की चाबी देखी तो महिला से आलमारी खोलने को कहा। महिला आलमारी खोलने को तैयार नहीं हुई तो हथियार के बल पर उससे आलमारी खुलवा लिया और उससे 3.20 लाख रुपये नगद के साथ ही सोने की चेन, सोने की लॉकेट, मांग टीका और एक जोड़ा पायल पिंक कलर के झोले में रखा और चले गये। घटना के आधे घंटे बाद ही नीरज अपने दोस्त के साथ घर पहुंचे तो सच्चाई बताई गयी।
 
सीसीटीवी लगा था पर हार्ड डिस्क नहीं होने से रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी 
चावल व्यवसायी के घर सीसीटीवी तो लगा हुआ था पर उसमें हार्ड डिस्क नहीं होने की वजह से उसकी रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी। व्यवसायी निरंजन चारपहिया वाहन से परबत्ता हटिया गये थे और उनके साथ पड़ोसी और मित्र प्रेम भी गये थे। प्रेम के बारे में बताया गया कि वह इशीपुर बाराहाट स्थित अस्पताल में वाहन चलाता है। जिस समय बदमाश आये थे उस समय व्यवसायी की पत्नी के साथ प्रेम की पत्नी भी बैठी थी। पुलिस की वर्दी में लोगों को देख प्रेम की पत्नी अपने घर चली गयी और वहां से प्रेम को कॉल कर कह दिया कि पुलिस निरंजन के घर आयी है कुर्की करने। प्रेम ने यह बात निरंजन को बता दी। कुछ ही देर में निरंजन की पत्नी ने भी बदमाश के कहने पर उन्हें कॉल किया तो उन्हें संदेह हुआ और वे जल्दी घर लौट गये। हबीबपुर पुलिस को संदेह है कि इस घटना के पीछे व्यवसायी को जानने वाला व्यक्ति ही हो सकता है।