कोरोना संक्रम‍ित हुए सीएम योगी आदित्‍यनाथ, खुद को कि‍या आइसोलेट

कोरोना संक्रम‍ित हुए सीएम योगी आदित्‍यनाथ, खुद को कि‍या आइसोलेट

 
लखनऊ

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी कोरोना संक्रम‍ित हो गए हैं। उन्होंने खुद को आईसोलेशन में रखा है और डॉक्‍टरों की सलाह ले रहे हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस बीच उनके संपर्क में आए लोगों ने अपनी जांच करवाने की अपील की है। बता दें, मुख्‍यमंत्री योगी ने लखनऊ के सिव‍िल अस्‍पताल में बीते 5 अप्रैल को स्‍वदेशी कोरोना वैक्‍सीन की पहली डोज ली थी। इसके बावजूद वह कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
 

मुख्‍यमंत्री ने बुधवार को ट्वीट कर अपनी र‍िपोर्ट पॉजिट‍िव आने की जानकारी दी। उन्‍होंने ट्वीट में ल‍िखा, 'शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं।' मुख्‍यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। उन्‍होंने कहा कि इस बीच जो लोग भी मेरे संपर्क में आएं हैं वह अपनी जांच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें। बता दें, मुख्‍यमंत्री योगी ने मंगलवार को ही खुद को आइसोलेट कर लिया था। उन्‍होंने ट्वीट में बताया था, 'मेरे कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। यह अधिकारी मेरे संपर्क में रहे हैं, अतः मैंने एहतियातन अपने को आइसोलेट कर लिया है एवं सभी कार्य वर्चुअली प्रारम्भ कर रहा हूं।'
 
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। मंगलवार को कोरोना के एक दिन में सबसे ज्यादा 18,021 नए मामले सामने आए, जबकि इस वायरस से 85 लोगों की मौत हुई है। राजधानी लखनऊ से लेकर तमाम शहरों में हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं। लोगों को अस्पतालों में बेड तक नहीं मिल पा रहा है। श्मशान घाट पर भी लाइनें लग रही हैं।
 
इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखि‍लेश यादव और योगी सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन ने अपने कोरोना पॉजिट‍िव होने की जानकारी दी थी। अखि‍लेश ने ट्विटर पर लिखा, 'अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है और घर पर ही उपचार शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें। उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है।'