कॉलेजों में आज से परीक्षा, बिना मास्क एंट्री नहीं, पेपर डेढ़ घंटे के, विस्तृत उत्तरीय में मिलेंगे निर्देश
मेरठ
चौधरी चरण सिंह विवि से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक द्वितीय-फाइनल इयर रेगुलर-प्राइवेट, पीजी प्राइवेट फाइनल इयर और प्रोफेशनल यूजी-पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं आज नियत पालियों में शुरू होंगी। 220 से अधिक केंद्रों पर होने वाली इन परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को कोरेाना प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा। बिना मास्क परीक्षार्थियों को केंद्रों पर प्रवेश नहीं मिलेगा। मुख्य द्वारा छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी।
विवि ने सभी केंद्रों से सामाजिक दूरी सहित कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विवि की सचल दल की टीमें केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। केंद्रों को परीक्षा कक्षा के दरवाजे और खिड़कियां खुली रखनी होंगी। हाथ धोने के लिए पानी और साबुन की व्यवस्था भी केंद्रों पर अनिवार्य होगी। परीक्षा में करीब 2.5 लाख स्टूडेंट को शामिल होना है।
विवि की परीक्षाएं सिर्फ डेढ़ घंटे की होंगी। यूजी रेगुलर-प्राइवेट और पीजी प्राइवेट अंतिम वर्ष में ऑब्जेक्टिव पैटर्न पर पेपर आएगा। इसमें सवालों की संख्या सौ होगी। छात्र-छात्रा कोई भी 75 सवाल हल कर सकेंगे। सभी सौ सवाल करने की स्थिति में विवि केवल शुरुआत के 75 सवालों की ही जांच करेगा। ऐसे में बेहतर है छात्र सौ में से कोई 75 सवाल हल करें। विस्तृत उत्तरीय पेपर में प्रत्येक विषय के अनुसार अलग-अलग सवाल हल करने होंगे। परीक्षा से ठीक पहले कक्ष निरीक्षक छात्रों को निर्देश बताएंगे। ऐसे में छात्र निर्देशों को ध्यान से सुनकर सवालों को हल करें। पेपर का समय डेढ़ घंटे होने से सवालों की संख्या भी आधी की गई है। लेकिन यह हर विषय में अलग-अलग है।
bhavtarini.com@gmail.com 
