कांग्रेस में ‘मिस्टर 10 परसेंट’ कहलाते थे मंत्री : शिवराज
हरदा/होशंगाबाद/रायसेन
कांग्रेस की सरकारों में कितने घपले-घोटाले हुए हैं। चाहे केंद्र हो या प्रदेश, इन्होंने हर जगह घोटाले ही घोटाले किए हैं। कांग्रेस शासन के समय मंत्री मिस्टर 10 परसेंट कहलाते थे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार की चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंेने कहा कि कर्जे का बोझ किसी भी किसान के सीने पर नहीं रहने देंगे। भाजपा सरकार ने समाधान ऋण योजना शुरू की थी। इसके माध्यम से हमने किसानों के कर्जे माफ किए थे। अब तक खूब दिया है और आगे भी देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के रहटगांव में पार्टी प्रत्याशी संजय शाह, होशंगाबाद जिले के सिवनी-मालवा क्षेत्र में प्रत्याशी प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर क्षेत्र में विजयपाल सिंह और रायसेन जिले के भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के बाड़ी में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस के भ्रमजाल में न फसें
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने मध्यप्रदेश को बर्बाद करने का काम किया है। इनकी सरकार ने प्रदेश में 54 वर्षों तक शासन किया। इनके शासन में राज्यन की सड़कों की क्या स्थिति थी। गड्ढों में सड़कें थीं। बिजली नहीं आती थी। कांग्रेस सरकार में साढ़े सात लाख हेक्टेयर जमीन पर ही सिंचाई होती थी, भाजपा सरकार ने 41 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई की व्यवस्था की है। कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है। वे वायदे तो बहुत कर रहे हैं पर असलियत में उन्हें करना कुछ नहीं है सिवाय बातों के। इन्होंने पंजाब और कर्नाटक में किसानों से वादा किया था कि सरकार बनते ही कर्जा माफ करेंगे, लेकिन अब तक माफ नहीं हुआ। अब मध्यप्रदेश के किसानों से भी वादा कर रहे हैं कि सरकार आते ही 10 दिनों में कर्जा माफ कर देंगे, आप लोग इनके भ्रमजाल में न फंसें।
ये नर्मदा किनारे वाला कब जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल कांग्रेस के नेताओं को सबसे ज्यादा गुस्सा शिवराजसिंह चौहान पर आ रहा है। उन्हें लग रहा है कि ये नर्मदा किनारे वाला मुख्यमंत्री बन गया है और न जाने कब यहां से जाएगा। वे कुर्सी के लिए रात भर करवटें बदलते रहते हैं। सोता तो मैं भी नहीं हूं, लेकिन जनता की सेवा के लिए। उन्हें तो मेरे कारण नींद नहीं आ रही।
उनके लिए महिला सजावट की वस्तु
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ महिलाओं को सजावट की वस्तु कहते हैं। हम महिलाओं का सम्मान करते हैं, उनके सशक्तिकरण की बात करते हैं जबकि कांग्रेस उनका अपमान कर रही है। महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी प्राथमिकता हर वर्ग का विकास करने की है। सबको समृद्ध बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभा में सांसद उदयप्रताप सिंह, चौधरी माधव सिंह, यशवंत सिंह, अशोक सिंह, जालम सिंह, हेमराज, माया नरोलिया, विजयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com 
