उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से भारी तबाही, UP में सीएम योगी का निर्देश- अलर्ट पर रहें अधिकारी
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में बांध के टूटने से उत्पन्न हुई परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रदेश में संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं एसडीआरएफ को हाई-अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। इससे पहले उत्तरखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी थी कि चमोली जिले से एक आपदा का समाचार मिला है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन को इस आपदा से निपटने की आदेश दे दिए हैं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें । सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है।
उत्तराखंड के चमोली में नंदा देवी नेशनल पार्क के अंतर्गत कोर जोन में स्थित ग्लेशियर टूटने से तबाही मच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रैनी गांव के पास ऋषि गंगा तपोवन हाइड्रो प्रोजेक्ट का बांध टूट गया है, जिससे नुकसान हो गया है। ग्लेशियर टूटने से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। कम से कम 300 लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है। इसमें कई मजदूरों भी शामिल हैं। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। एसडीआरएफ भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। प्रशासन ने हरिद्वार तक हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट किया, 'एहतियातन भागीरथी नदी का फ्लो रोक दिया गया है। अलकनन्दा का पानी का बहाव रोका जा सके इसलिए श्रीनगर डैम तथा ऋषिकेष डैम को खाली करवा दिया है। SDRF अलर्ट पर है। मेरी आपसे विनती है अफवाहें न फैलाएं। सरकारी प्रमाणिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें। मैं स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो रहा हूं।' उन्होंने लिखा, 'चमोली के रिणी गांव में ऋषिगंगा प्रोजेक्ट को भारी बारिश व अचानक पानी आने से क्षति की संभावना है। नदी में अचानक पाने आने से अलकनंदा के निचले क्षेत्रों में भी बाढ़ की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में लोगों को अलर्ट किया गया है। नदी किनारे बसे लोगों को क्षेत्र से हटाया जा रहा है।'
bhavtarini.com@gmail.com 
