हत्या मामले में सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक ससुर पर भी प्रकरण दर्ज

हत्या मामले में सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक ससुर पर भी प्रकरण दर्ज

बड़वानी
मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में अक्टूबर महीने में एक महिला की हत्या के आरोप में उसके पति के गिरफ्तार होने के बाद उसके ससुर व सहायक पुलिस उपनिरीक्षक समेत उसकी सास व ननद पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है। सेंधवा शहर थाना पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी प्रियंका सिंह की हत्या के आरोप में उसके ससुर तथा सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक कपिल देव सिंह, सास पुष्पा सिंह तथा ननद सुषमा सिंह के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना एवं हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने सम्बन्धी धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है । तीनों आरोपियों की तलाश में उनके मूल निवास बिहार के पटना जिले में पुलिस दल को भेजा गया है।

अक्टूबर महीने की 22 व 23 तारीख की दरमियानी रात सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक कपिल देव सिंह के छोटे बेटे संजय सिंह ने अपनी पत्नी प्रियंका सिंह की गला काटकर और गोली मार कर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक महिला से विवाहेत्तर संबंध, प्रियंका के नाम दस लाख रुपए की राशि, प्रियंका पर चरित्र शंका व उसके बड़े भाई को हत्या के आरोप में फंसाने के साथ ही प्रियंका को नापसंद करने के चलते आरोपी ने ये साजिश रची। पुलिस विवेचना में पाया गया कि शेष तीन आरोपी प्रियंका को दहेज के लिए प्रताड़ति करने के अलावा हत्या के षड़यंत्र में शामिल थे।