लोक वित्त पोषित योजनाएं इस साल बंद नहीं होंगी
भोपाल
लोक वित्त पोषित ऐसी सभी योजनाएं जिनको बंद करने का निर्णय नहीं लिया गया हो या शून्य बजट का प्रावधान ना हो वो 31 दिसंबर तक निरंतर संचालित की जाएंगी। इसके बाद की अवधि में योजनाओं और परियोजनाओं को निरंतर रखने के लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
संचालक बजट आइरिन सिंथिया ने सभी विभागों के अफसरों को आदेश जारी किए है कि केन्द्रीय वित्त आयोग की अवार्ड अवधि के लिए योजनाओं और परियोजनाओं की निरंतरता प्राप्त करने के संबंध में प्रक्रिया का निर्धारण किया गया था। वर्तमान में पंद्रहवे केन्द्रीय वित्त आयोग द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत कर वित्तीय वर्ष 2021-26 के लिए संसाधनों की उपलब्धता की अनुसंशाएं की गई है। इसलिए ऐसी सभी योजनाएं जो पूर्व में सक्षम स्तर से स्वीकृत हो चुकी है जिनको बंद करने का निर्णय ना किया हो या उनके लिए शून्य बजट का प्रावधान ना हो वो31 दिसंबर 2021 तक के लिए निरंतर मान्य की जाएंगी। इसके बाद की अवधि के अलग से आदेश जारी होंगे।
दरअसल केन्द्रीय वित्त आयोग की अवार्ड अवधि में 31 मार्च के बाद योजनाओं को अगले वित्तीय वर्ष में निरंतर रखे जाने के लिए विभिन्न विभाग वित्त विभाग से परामर्श मांग रहे थे। इस आदेश के बाद वे सभी योजनाएं आगे भी संचालित रहेंगी जो 31 मार्च तक संचालित थी और केन्द्रीय वित्त आयोग से जिनमें वित्तीय मदद मिलना हो। अब ये सभी योजनाएं इस साल के अंत तक चलती रहेंगी।
bhavtarini.com@gmail.com 