लालू के रंग में दिख बेटे तेज प्रताप, जमकर खेली होली 

लालू के रंग में दिख बेटे तेज प्रताप, जमकर खेली होली 

 पटना 
होली के खास मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपने अलग अंदाज में दिखे। तेज प्रताप यादव पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर पिता लालू प्रसाद की तरह होली खेलते नजर आए। इसके बाद तेज प्रताप मां राबड़ी देवी का आशीर्वाद लेने के आवास पर भी गए।

तेज प्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास पर समर्थकों व दोस्‍तों के साथ लालू स्‍टाइल में जमकर 'कुर्ताफाड़ होली' खेली। उन्‍होंने लालू की तरह होली गीत भी गाए। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा कि वे होली में पिता लालू की कुर्ताफाड़ होली की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि होली में वे भाई तेजस्‍वी को मिस कर रहे हैं, वे अभी दिल्‍ली में हैं। तेज प्रताप यादव ने होली खेलने के बाद मां राबड़ी देवी का आशीर्वाद लेने जाने की बात भी कही।
 
लालू प्रसाद की 'कुर्ता फाड़' होली
सत्ता के गलियारों में लालू यादव की होली को खूब याद रखा जा रहा है। आरजेडी सुप्रीमो की कुर्ता फाड़ होली 1997 और 2000 के बीच भी खूब शानदार रही। हालत ये थी कि विपक्षी दलों के नेता भी इस होली समारोह में हिस्सा लेने के लिए आते थे। हालांकि, साल 2017 में होली का रंग लालू परिवार के लिए फीका दिखा और उसके बाद 2018 और 2019 में इस परिवार ने होली समारोह का आयोजन नहीं करने का फैसला किया। परिवार ने 2018 में लालू यादव की सजा का हवाला दिया, जबकि 2019 में पुलवामा में हुए सीआरपीएफ काफिले पर हमले के चलते ऐसे समारोह से दूर रहने रहने का फैसला किया।