राजीव गौबा का अगला कैबिनेट सेक्रटरी बनना लगभग तय

राजीव गौबा का अगला कैबिनेट सेक्रटरी बनना लगभग तय

 
नई दिल्ली 

सरकार द्वारा गृह सचिव राजीव गौबा को अगला कैबिनेट सेक्रटरी बनाना लगभग तय माना जा रहा है। सरकार ने गौबा को कुछ दिन के लिए कैबिनेट सचिवालय में बतौर ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) नियुक्त करने की तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि सरकार ने उन्हें कैबिनेट सचिव बनाने के लिए ही यह कदम उठाया है। उन्हें जून के मध्य में यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। बता दें कि वर्तमान कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा का 4 साल का विस्तारित कार्यकाल 12 जून को पूरा हो रहा है।  
 
59 साल के गाबा 1982 बैच के झारखंड कैडर के ऑफिसर हैं। दो साल पहले उनकी नियुक्ति बतौर गृह सचिव की गई थी। इससे पहले गाबा शहरी विकास सचिव के तौर पर भी काम कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें बतौर कैबिनेट सचिव दो साल का समय दिया जा सकता है। 

पर्यावरण, रक्षा, संचार और प्रौद्योगिकी जैसे मंत्रालयों में काम कर चुके गौबा फिजिक्स में गोल्ड मेडल भी हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा वह झारखंड में चीफ सेक्रटरी का पद भी संभाल चुके हैं।