मंगल पांडेय ने किया पलटवार, कहा- गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी से भ्रम फैला रहे तेजस्वी

मंगल पांडेय ने किया पलटवार, कहा- गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी से भ्रम फैला रहे तेजस्वी

पटना 
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर आरोप लगाया है कि वे कोरोना काल में भी लगातार गलत और भ्रामक बयान देकर लोगों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। सलाह दी कि उनके बड़े भाई स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं एवं बड़ी बहन डॉक्टर हैं। वे उनसे कुछ सीखें और उसके बाद ही कोई बयान दें। अनर्गल बयानबाजी की राजनीति से परहेज करें।

गुरुवार को तेजस्वी की ओर से लगाये गए आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि आपदा के समय जहां पीड़ित को सहायता देने की जरूरत है, वहीं गुरुवार को तो उन्होंने झूठे आंकड़े पेशकर हद पार कर दी। कहा कि वे 3 अगस्त को विधान सभा में दिए गए अपने बयान पर आज भी कायम हैं। सदन में जांच का जो आंकड़ा मैंने दिया था वह सही है और आज भी मैं पूरी जिम्मेवारी के साथ वही बात दोहरा रहा हूं। प्रतिपक्ष के नेता मुख्यमंत्री के हवाले से अभी तक 6,100 जांच की बात का प्रचार कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री ने यह आंकड़ा एक दिन की जांच आरटीपीसीआर से होने की बात कही थी। नेता प्रतिपक्ष को जिम्मेवारी के साथ तथ्यों को सार्वजनिक तौर पर रखना चाहिए। 

मंत्री ने कहा कि बिहार में अभी पिछले 24 घंटे में जांच का आंकड़ा एक लाख चार हजार 452 हो गया है। इसमे 6,100 आरटीपीसीआर मशीन से तथा 4,400 ट्रू नेट मशीन एवं शेष सैम्पल की जांच रैपिड एंटीजेन टेस्ट किट से हो रही है। आबादी की दृष्टि से बिहार में यह जांच अन्य राज्यों से सर्वाधिक है।