भ्रष्ट भाजपा सरकार को हटाने के लिए वोट करें : नाथ 

भ्रष्ट भाजपा सरकार को हटाने के लिए वोट करें : नाथ 

सोहागपुर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए होशंगाबाद, सिवनी मालवा, सोहागपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में कई जनसभाओं को संबोधित किया। नाथ ने कहा कि 15 सालों से प्रदेश में भ्रष्ट सरकार चल रही है। उन्होंगने जनता से 28 तारीख को भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘हाथ’ को वोट देकर साफ-सुथरी सरकार के लिए वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप मतदान के दिन जो बटन दबाएंगे, वह बटन युवाओं के भविष्य का होगा, पीड़ित किसानों के भविष्य का होगा, असुरक्षित महिलाओं के भविष्य का होगा, व्यापारियों के भविष्य का होगा। 

सोहागपुर की जनसभा में नाथ ने शिवराज सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मप्र में नंबर वन बनने का खेल चल रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टारचार में नंबर वन है, बलात्कार में नंबर वन है, किसानों की आत्महत्याओं में नंबर वन है, यहां तक की भाई-भतीजावाद में भी नंबर वन है। भाजपा सरकार ने वादा किया था कि हम नर्मदा साफ करेंगे, हम गंगा साफ करेंगे, हम क्षिप्रा साफ करेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। दरअसल इनकी नीयत में खोट है। हर क्षेत्र में लूट मची हुई है। प्रदेश सरकार जनता को गुमराह कर रही है। 15 सालों से किसान परेशान हैं और आत्महत्या करने को मजबूर है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। 

होशंगाबाद के इतवारा बाजार में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नाथ ने कहा कि सरताज सिंह को कांग्रेस ने राजनैतिक व्यक्ति समझकर या भाजपा छोड़कर आने के नाते उम्मीदवार नहीं बनाया बल्कि सरताज सिंह को समाजसेवी के रूप में जनता की सेवा करने के लिए मौका दिया है। मैंने जीवन में ऐसा परिदृश्य नहीं देखा जो मध्यप्रदेश में दिख रहा है, आज के युवाओं की दुनिया इन्टरनेट से जुड़ी है, वे कमीशन नहीं चाहते, हाथों के लिए काम चाहते हैं। सीएम शिवराज ने अब तक युवाओं को भ्रम में रखा है। करोड़ों के उद्योग-धंधे प्रदेश में लगाने की बात हुई, इन्वेस्टमेंट मीट में उद्योग लगने के जो सपने दिखाए गए वे जमीन पर उतरे ही नहीं। जो थे वे भी बंद हो गए। 

कांग्रेस प्रत्याशी सरताज सिंह ने कहा कि वे बचे जीवन में कांग्रेस के साथ जनता की सेवा करना चाहते हैं, जिनका आदर्श महात्मा गांधी हैं, जिनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं था। सिंह ने कहा कि उनके पास न धन-बल है, न सामाजिक बल, न जाति बल, यदि कोई बल उनके पास है तो वह है उनका आत्मबल और जनता का बल। उसी भरोसे सामंतवादी और परिवारवादी ताकत से लड़कर वे उस व्यवस्था को छिन्न भिन्न करने आए है। 
सभाओं में पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद नीखरा, पूर्व मंत्री विजय दुबे काकू भाई, पूर्व विधायक अर्जुन पलिया, सविता दीवान, अम्बिका प्रसाद शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष मालवीय, कांग्रेस नेता रणवीरसिंह पटेल, विकल्प डेरिया, राजकुमार रघुवंशी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक ठाकुर, कार्तिक शर्मा, मंगलसिंह रघुवंशी, कपिल फौजदार, राजेंद्र ठाकुर, अनोखी लाल राजौरिया, शिवराज चंद्रौल, चन्द्रगोपाल मलैया सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।