बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की उल्टी गिनती शुरू
पटना
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की उल्टी गिनती शुरू है। एक-दो दिनों में कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच संभावित मंत्रियों के नाम भी फिजां में तैर रहे हैं। इनमें सबसे ऊपर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य बनने जा रहे सैयद शाहनवाज हुसैन का नाम है। भाजपा कोटे से इनका मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इन्हें कोई अहम विभाग मिलने की भी चर्चा है। वहीं जदयू में भी कुछ संभावित मंत्रियों के नाम फिजां में तैर रहे हैं।
गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल और संगठन महामंत्री नागेन्द्र दिल्ली गए थे। बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पटना लौट आए तो उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बुधवार को राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को भाजपा कोटे से मंत्री बनने वालों के नाम तय हो जाएंगे। जदयू और भाजपा, दोनों ही खेमे में संभावित मंत्रियों में कुछ नए तो कुछ पुराने चेहरों के नाम सामने आ रहे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
