बिहार में अब गृह जिला के करीब ही होगी पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग, मुख्यालय ने लगाई मुहर
भागलपुर
बिहार में अब पुलिसकर्मियों की उत्तर प्रदेश की तर्ज पर गृह जिला के आसपास के जिलों में पोस्टिंग होगी। पुलिस एसोसिएशन की मांग पर डीजीपी ने मुहर लगा दी है। मुख्यालय ने सूबे के एसपी को पत्र लिखकर इच्छुक पुलिसकर्मियों के प्रस्ताव को अनुमोदन कर मांगा है, ताकि संबंधित जिले में स्वीकृत पद के अनुसार पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग की जा सके। सिपाही, हवलदार, जमादार, दारोगा और इंस्पेक्टर से च्वाइस जिले के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। अधिकारी के मुताबिक पुलिसकर्मियों को गृह जिला को छोड़कर आसपास के पांच जिलों में पोस्टिंग का प्रस्ताव मांगा गया है। पुलिस मुख्यालय का पत्र मिलते ही एसएसपी ने सार्जेंट मेजर समेत जिले के थानेदारों को वायरलेस के माध्यम से सूचना भेज दी है। पुलिस केन्द्र के लाइन बाबू के कार्यालय में आवेदन जमा करने के लिए कहा गया है। जानकारी के मुताबिक एसएसपी का संवाद मिलते ही अबतक करीब ढाई सौ पुलिसकर्मियों ने आवेदन जमा कर दिया है। करीब पांच सौ सिपाही से लेकर दारोगा तक के आवेदन आने की संभावना है। जिले में 27 इंस्पेक्टर के मुकाबले 17 इंस्पेक्टर तैनात हैं। इसलिए अबतक किसी इंस्पेक्टर ने आवेदन जमा नहीं किया है।
पुलिसकर्मियों की परेशानी होगी कम
पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमेश कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों के वर्षों की मांग पूरी हुई है। सूबे की जिला कमेटियों ने केन्द्रीय कमेटी को इसके लिए पत्र लिखा था। मुख्यालय स्तर के अधिकारियों से वार्ता के बाद डीजीपी ने मांग पूरी कर दी। जोन के जिले में पुलिसकर्मियों का छह से लेकर आठ साल तक तैनाती रहती है। पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग भी मुख्यालय स्तर से होगी।
80 प्रतिशत पुलिसकर्मी परिवार से रहते हैं दूर
जिले में तैनात करीब 80 प्रतिशत पुलिसकर्मी परिवार और बच्चों से दूर रहते हैं। पत्नी-बच्चे के बीमार पड़ने या जरूरी काम पड़ने पर समय से घर नहीं पहुंच पाते हैं। इससे पुलिसकर्मी मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। एक दारोगा ने कहा कि नये साल में होली के मौके पर छुट्टी बंद थी। उसके बाद लॉकडाउन के कारण छुट्टी बंद हो गई थी। छह महीने से बच्चे व परिवार से दूर हैं। एक अफसर की मां बीमार थी और अस्पताल में भर्ती थी। लॉकडाउन के कारण छुट्टी नहीं मिली। मृत्यु के बाद छुट्टी मिली। पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की परेशानी दूर कर दी है।
bhavtarini.com@gmail.com 
