बिहार बाढ़ में 77 लाख लोग प्रभावित, 5 राज्यों में हैवी से मध्यम बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली
दिल्ली में जबरदस्त बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन और अच्छी बारिश की संभावना जताई है. गुरुवार को दिल्ली-NCR के इलाकों में इस मॉनसून की सबसे अच्छी बारिश हुई. वहीं, मुंबई और आसपास के इलाकों में भी मूसलाधार बारिश हुई. मौसम विभाग की मानें तो बारिश का यह सिलसिला अगले दो-तीन दिन तक पूरे देश में जारी रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो-तीन दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट के पास बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं के कारण देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो दिन तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.
बिहार के 16 जिलों में बाढ़
बिहार में बाढ़ से अबतक 25 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 16 जिलों की 77,77,056 आबादी इससे प्रभावित है. बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले के 128 प्रखंडों के 1,282 पंचायतों की 77,77,056 आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं जहां से सुरक्षित जगहों पर ले जाए गए 5,47,804 लोगों में से 12,479 लोगों को सात राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं.
बिहार में 22 नदियां उफान पर
बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए NDRF और SDRF की कुल 33 टीमों की तैनाती की गई है. बिहार के इन जिलों में बाढ़ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, करेह एवं धौंस नदी के जलस्तर का बढना है. जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बागमती नदी सीतामढी, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में, बूढी गंडक नदी समस्तीपुर एवं खगड़िया में, खिरोई दरभंगा में और घाघरा नदी सिवान में बृहस्पतिवार को खतरे के निशान से उपर बह रही है.
bhavtarini.com@gmail.com 
