बिहार के अररिया मंडल जेल में बंद 706 में से 224 कैदी मिले कोरोना पॉजिटिव
अररिया
बिहार के सीमांचल के अररिया जिले में स्थित मंडल कारा में 224 कोरोना संक्रमित मिले हैं। जेल में मंगलवार व बुधवार को 706 में से 600 बंदियों की जांच में ये मामले सामने आए हैं। जांच में मंगलवार को 42 व बुधवार के 182 संक्रमित पाये गये। जेलर प्रमोद दास ने बताया कि अररिया मंडल कारा में 706 बंदी रह रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नए पुरुष बंदियों को पूर्णिया और महिला बंदियों को दलसिंहसराय जेल भेज दिया जाता है।
वहीं जेल में संक्रमित पाए गए बंदियों की संख्या की बाबत सिविल सर्जन डा एमएमपी सिंह ने बताया कि बुधवार को जांच में 182 बंदी कोरोना संक्रमित मिले। जबकि एक दिन पहले हुई जांच में 42 संक्रमितों की पुष्टि हुई थी।वहीं दूसरी तरफ जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा बुधवार की देर शाम तैयार रिपोर्ट से भी पता चलता है कि बड़ी संख्या में कोरोना मरीज मिले हैं।
रिपोर्ट कहती है कि बुधवार को जिले में कुल 268 मरीज मिले। अररिया प्रखंड में 182 नए संक्रमितों की पुष्टि इस रिपोर्ट से भी होती है। रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को कुल पांच हजार 185 सैम्पलों की जांच की गई। ये भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
बिहार में मिले 3741 कोरोना संक्रमित
बिहार में 3741 और नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इसके अलावा 9 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत भी हो गयी। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 90,553 और मृतकों की संख्या बढ़कर 474 हो गयी है। वहीं, राज्य में अबतक 60,068 कोरोना संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हुए। कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर में दूसरे दिन भी एक फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 66.33 फीसदी हो गयी। राज्य में अभी कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 30,010 है।
bhavtarini.com@gmail.com 
