नहीं रद्द होगी बिहार पुलिस दारोगा की परीक्षा, आयोग ने गड़बड़ी से किया इंकार

नहीं रद्द होगी बिहार पुलिस दारोगा की परीक्षा, आयोग ने गड़बड़ी से किया इंकार

पटना
बिहार में पुलिस सब-इंस्पेक्टर (Bihar Police SI) यानी दारोगा की परीक्षा रद्द नहीं होगी. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने दारोग़ा परीक्षा में धांधली से इनकार करते हुए ये साफ कर दिया है कि दारोग़ा की परीक्षा रद्द नहीं होगी. इसकी घोषणा बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष ने की है.

दरसअल पिछले कुछ दिनो से बिहार में परीक्षा और विवाद एक दूसरे का पर्याय बनते जा रहे हैं. पिछले दो महीने से दारोगा अभ्यर्थी भी परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर सड़को पर हैं. अभ्यर्थियो के आंदोलन पर कई बार विधि व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हुई है. अभ्यर्थियो के आरोप चाहे जो भी हों लेकिन लेकिन आय़ोग ने सारे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

पिछले साल दिसंबर में हुई दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगा अभ्यर्थी लगातार धरना और प्रदर्शन कर रहे हैं. परीक्षा के बाद से दो माह में तीन से चार बार सड़क जाम की गई और हर बार पुलिस को जूझना पड़ा. अभ्यर्थियो ने कई बार इस क़दर हंगामा बरपाया की पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ी. एक बार अभ्यर्थी पुलिस की आंख में धूल झोंककर डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए. उनको हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग तक करना पड़ा. सवाल यही है कि अभ्यर्थी पिछले कुछ दिनों से आंदोलन की राह पर क्यों हैं? परीक्षार्थी सबूत के तौर पर वायरल क्वेश्चन और आंसर की एक कॉपी भी दिखा रहे हैं और आयोग पर सवाल खड़ा कर रहे है. दारोगा अभ्यर्थी कन्हैया कुमार, संजीव कुमार, सोनू कुमार, गुरूदेव ने कई गंभीर आरोप लगाये हैं.

अभ्यर्थियो का आरोप चाहे जो हो लेकिन बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग इन तमाम आरोपो को सिरे से खारिज करता नजर आ रहा है. आयोग के अध्यक्ष सुनित कुमार की मानें तो अभ्यर्थियों का आरोप बेबुनियाद है.