तीसरे चरण में 1600 टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन देने की तैयारी

तीसरे चरण में 1600 टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन देने की तैयारी

पटना 

एक मार्च को 700 केंद्रों पर टीकाकरण कार्य शुरू होगा। इसके बाद 15 मार्च तक बढ़ाकर 1000 टीकाकरण केंद्र संचालित होंगे। वहीं, 16 से 31 मार्च तक 1200 टीकाकरण केंद्रों का, 01 से 15 अप्रैल तक 1500 केंद्रों का संचालन होगा। वहीं, 16 से 30 अप्रैल तक 1600 केंद्रों पर टीकाकरण कार्य किया जाएगा। बिहार में तीसरे चरण के कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत 1600 टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन देने की तैयारी की गयी है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान को लेकर धीरे-धीरे टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ायी जाएगी।  कार्यपालक निदेशक श्री कुमार के अनुसार टीका लेने के लिए आधार कार्ड प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा। विशेष परिस्थिति में ही किसी अन्य पहचान पत्र की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य में सामान्य टीकाकरण अभियान के तहत 14 हजार प्रशिक्षित टीकाकर्मी उपलब्ध हैं। टीकाकरण केंद्रों पर मानव संसाधन की तैनाती आवश्यकता के अनुसार बढ़ायी जाएगी। टीकाकरण केंद्रों पर टीका के लिए आशा, आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका एवं सेविका व अन्य संगठनों की भी सहायता ली जाएगी। ये ग्रामीण इलाकों में जाकर टीकाकरण केंद्रों व टीका की जानकारी देंगे। 

एक मोबाइल नंबर से परिवार के चार सदस्य हो सकेंगे निबंधित 
श्री कुमार ने बताया कि एक मोबाइल नंबर से परिवार के चार सदस्य ऑनलाइन या ऑनसाइट निबंधित हो सकेंगे। निबंधन हेतु इच्छुक व्यक्ति के पास मोबाइल नंबर एवं सरकार द्वारा अनुमान्य पहचान पत्र होना अनिवार्य है। यदि ऑनलाइन निबंधन किया जाता है तो उनके मोबाइल पर ओटीपी आएगा, जिसकी प्रविष्टि के बाद कोविन-2.0 पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण हो पाएगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर लाभार्थी अपने निकटतम कोविड टीकाकरण केंद्र का चयन कर सकते हैं। साथ ही साथ उपलब्ध स्लॉट में से अपने लिए टीकाकरण की तिथि भी निर्धारित कर सकते हैं। 

एक केंद्र पर सौ व्यक्तियों का होगा टीकाकरण 
श्री कुमार ने बताया कि एक टीकाकरण केंद्र पर एक सौ व्यक्तियों का एक दिन में टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण केंद्र पर तीन कमरे की सुविधा उपलब्ध होगी। पहले कमरे में टीका कराने वाले का पंजीकरण जांच व प्रतीक्षा करने की व्यवस्था होगी। दूसरे कमरें में टीका दिया जाएगा और तीसरे कमरे में आधा घंटा तक टीकाकृत व्यक्तियों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण को लेकर पूर्व के सभी प्रोटोकॉल पूर्ववत ही लागू रहेंगे।