तीसरे चरण के लिए रजिस्ट्रेशन 1 मार्च से शुरू, 2 से लगेगा टीका, प्राइवेट अस्पतालों में प्रति डोज देने होंगे 250 रुपये

तीसरे चरण के लिए रजिस्ट्रेशन 1 मार्च से शुरू, 2 से लगेगा टीका, प्राइवेट अस्पतालों में प्रति डोज देने होंगे 250 रुपये

पटना 
बिहार में तीसरे चरण के कोरोना टीकाकरण के लिए एक मार्च से निबंधन होगा और दो मार्च से टीकाकरण शुरू होगा। एक मार्च को निबंधन कराने के 24 घंटे बाद ही टीकाकरण होगा। एक मार्च से अग्रिम निबंधन (प्री-रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर कोविन-2.0 पोर्टल खुलेगा। सरकारी हो या निजी अस्पताल, टीका लेने के लिए निबंधन कराना होगा। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव सह राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि तीसरे चरण का टीकाकरण अभियान के तहत 60 वर्ष अधिक उम्र के व्यक्ति तथा 45 से 59 वर्ष के वैसे नागरिकों का टीकाकरण किया जाना है, जो किसी गंभीर रोग से ग्रसित हैं। 

सरकारी में नि:शुल्क, निजी अस्पतालों में प्रति डोज 250 रुपये 
कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक के सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क कोरोना टीका उपलब्ध होगा। जबकि निजी अस्पतालों में टीका लेने के लिए प्रति डोज टीका के लिए 250 रुपये का भुगतान करना होगा। इसमें 100 रुपये प्रशासनिक शुल्क एवं 150 रुपये टीका के लिए भुगतान करना होगा। निजी अस्पताल कोरोना टीका 150 रुपये प्रति डोज भुगतान कर सरकार से टीका हासिल कर सकेंगे। श्री कुमार ने बताया कि लाभार्थी टीकाकरण के लिए निजी अस्पताल का चयन करते हैं तो इसकी सुविधा चिन्हित निजी अस्पतालों में सशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गयी है।

1600 केंद्रों पर लगेगी कोरोना की वैक्सीन 
बिहार में तीसरे चरण के कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत 1600 टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन देने की तैयारी की गयी है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान को लेकर धीरे-धीरे टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ायी जाएगी। एक मार्च को 700 केंद्रों पर टीकाकरण कार्य शुरू होगा। इसके बाद 15 मार्च तक बढ़ाकर 1000 टीकाकरण केंद्र संचालित होंगे। वहीं, 16 से 31 मार्च तक 1200 टीकाकरण केंद्रों का, 01 से 15 अप्रैल तक 1500 केंद्रों का संचालन होगा। वहीं, 16 से 30 अप्रैल तक 1600 केंद्रों पर टीकाकरण कार्य किया जाएगा।