आरा सेक्स कांड : कुर्की के बाद राजद विधायक की तलाश फिर तेज

आरा सेक्स कांड : कुर्की के बाद राजद विधायक की तलाश फिर तेज

आरा। 
आरा-पटना सेक्स कांड में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद संदेश के राजद विधायक अरुण यादव की तलाश फिर तेज कर दी गयी है। इसके लिए पुलिस नये सिरे से छापेमारी में जुटी है। कांड का खुलासा करने के लिए गठित एसआईटी की टीम रविवार को छापेमारी के लिए निकल गयी। मदद करने के लिए साथ में डीआईयू की टीम भी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस पहले पटना जायेगी। उसके बाद अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जायेगी।

इधर, कुर्की होने के बाद एक बार फिर विधायक द्वारा सरेंडर किये जाने की चर्चा तेज हो गयी है। मालूम हो कि सेक्स कांड में नाम आने व पुलिस के गिरफ्तारी वारंट के लिए कोर्ट जाने की सूचना मिलने के बाद से ही विधायक गायब हो गये हैं। इसके बाद से वह लगातार भूमिगत चल रहे हैं। उसके सभी मोबाइल भी बंद चल रहे हैं। इस कारण पुलिस अब तक विधायक को खोज नहीं सकी है। इधर, सूत्रों की मानें तो विधायक राज्य से बाहर किसी महफूज जगह पर पहुंच गये हैं। बताया यह भी जा रहा है कि उनके एक पुराने व राजनीतिक मित्र ने राज्य से बाहर पहुंचाने में मदद की है। कहा जा रहा कि उसी दोस्त के ही इशारे पर विधायक अब तक सरेंडर नहीं कर सके हैं।

बता दें कि इस मामले में फिलहाल विधायक ही फरार चल रहे हैं। एसपी सुशील कुमार ने बताया कि विधायक की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। उनका लोकेशन मिलते ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।