जेल में मनेगा आस्था का महापर्व, दो मुस्लिम समेत 65 महिला कैदी करेंगी छठ

जेल में मनेगा आस्था का महापर्व, दो मुस्लिम समेत 65 महिला कैदी करेंगी छठ

भागलपुर 
बिहार में भागलपुर स्थित केन्द्रीय कारा, विशेष केन्द्रीय कारा और महिला कारा में छठ की तैयारी शुरू हो गई है। जेल अधिकारी ने छठव्रती कैदियों की सूची मांगी है। बुधवार को तीनों जेल के कैदियों की सूची अधीक्षक को उपलब्ध करा दी जाएगी। 

अधिकारी ने कहा कि महिला कारा में बंद दो मुस्लिम समेत 65 महिला कैदी और दोनों जेल में सौ से अधिक पुरुष कैदी छठ पूजा करने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले साल महिला कारा में बंद पांच मुस्लिम कैदियों बीवी कैली उर्फ मुर्शिदा, बीवी नासरा, बीवी सलमा खातुन, बीवी तितली खातुन और बीवी हवीसन खातुन ने छठ पूजा की थी। अधीक्षक ने जेलर से कैदियों के फाइनल सूची की मांग की है।

उन्होंने कहा कि छठव्रती कैदियों को जेल प्रशासन की ओर से पूजा की सभी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। बुधवार को कैदियों के नाम फाइनल होने पर सूप, डाला, नारियल और फल सामग्री की खरीददारी की जाएगी। सभी कैदियों को पूजा के लिए नया वस्त्र भी दिया जाएगा। कैदियों के श्रमदान से तीन जेल में तालाब की खुदाई और सफाई कराई जाएगी। जेल सिपाही के हाथों गंगा जल मंगवाया जाएगा।