चोरी के आरोप में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को लाठी डंडे से पीट-पीटकर मार डाला
जहानाबाद
बिहार के जहानाबाद जिले में एक युवक को चोरी के आरोप में कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से पीट पीटकर मार डाला। शनिवार रात घोसी थाना क्षेत्र के चुनुकपुर गांव की ये घटना है। मृतक की पहचान लाल बहादुर यादव (24 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना से गांव के दो गुटों के लोगों के बीच तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पाकर एसपी मनीष के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय और घोसी थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जाता है। रविवार को युवक के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इस संबंध में मृतक के परिजन के बयान पर घोसी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार गांव के ही निवासी सुदामा केवट समेत छह लोगों को नामजद एवं अन्य अज्ञात को आरोपित किया गया है।
इस संबंध में एसपी मनीष ने बताया कि चोरी करने का आरोप लगा उक्त युवक की पिटाई की गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया गया है और पूर्व में भी वह घर में घुसने के मामले में जेल जा चुका था। लेकिन अभी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव के निवासी कौशलेंद्र प्रसाद के पुत्र लाल बहादुर यादव नामक युवक रात में गांव के ही निवासी सुदामा केवट के घर में घुस गया। चोर- चोर का हल्ला होने पर कई लोगों की भीड़ जुट गई और लाठी - डंडे से उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। अधमरे हालत में उक्त युवक को रात में इलाज के लिए घोसी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने जहानाबाद सदर अस्पताल में रेफर कर दिया था।
घोसी थाने के एसआई राज नंदन शर्मा एवं अन्य सशस्त्र बलों के साथ उक्त जख्मी व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल में लाया गया था। इलाज के दौरान कुछ ही मिनटों के भीतर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत का हल्ला होते ही चुनुकपुर गांव में दो गुटों के बीच तनाव व्याप्त हो गया। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सशस्त्र बलों के साथ रविवार को उक्त गांव में जाकर घंटों मामले की तहकीकात की। एसडीपीओ के अनुसार स्थिति पूरी तरह प्रशासनिक नियंत्रण में है । दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आलोक में मामले की जांच की जा रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
