कोरोना वायरस: पटना के एटीएम नहीं हो रहे सैनिटाइज, संक्रमण का खतरा

कोरोना वायरस: पटना के एटीएम नहीं हो रहे सैनिटाइज, संक्रमण का खतरा

पटना 
                                                                                                                                                                         
पोस्टल पार्क चौराहा के पास एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया समेत लगभग आधा दर्जन एटीएम हैं। इनमें कैश रहे या नहीं, लोग पैसे के लिए हमेशा यहां दिखाई देते हैं। शुक्रवार को भी पैसे के लिए लोग कतार में दिखे। कोरोना के खौफ के बीच लोग अपने चेहरे पर मास्क लगाए थे, जबकि उन्हें नहीं पता कि जिस एटीएम का उपयोग करने जा रहे हैं, उसे भी सैनिटाइज करने की जरूरत है। बैंक व एटीएम में सैनिटाइज की कोई व्यवस्था नहीं है। राजधानी में विभिन्न बैंकों के लगभग 1500 एटीएम हैं, लेकिन सैनिटाइज की व्यवस्था तो दूर, एटीएम की सफाई भी नहीं दिख रही है, जिसके कारण लोगों में एटीएम उपयोग करने में भी भय बना हुआ है। पैसे के लिए एटीएम का प्रयोग करना जरूरी है। इसलिए लोग एटीएम पहुंच रहे हैं। हिन्दुस्तान स्मार्ट की पड़ताल के तहत शहर के दर्जन भर से अधिक एटीएम की जांच की गयी, जिसमें पता चला कि कहीं भी एटीएम को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा है।

सिर्फ एसबीआई मुख्य ब्रांच का एटीएम सैनिटाइज
राजधानी में कोरोना को लेकर एटीएम में किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं किया गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए भी कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। एटीएम को सैनिटाइज करने की दिशा में कदम नहीं उठाया गया है। हालांकि गांधी मैदान स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुख्य ब्रांच के एटीएम को सैनिटाइज किया जा रहा है। एटीएम में मौजूद महिला गार्ड ने बताया कि अभी तक सैनिटाजर के 15 से अधिक डब्बे खाली हो चुके हैं।

जुमे की नमाज में कोरोना को लेकर विशेष एहतियात
हज भवन में जुमे की नमाज के दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर विशेष एहतियात बरती गई। इस दौरान हज भवन में विशेष साफ-सफाई का ख्याल रखा गया। हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई थी। नमाजियों ने जुमे की नमाज के दौरान विशेष एहतियात बरती। हज कमेटी के चेयरमैन हाजी इलियास उर्फ सोनू बाबू ने बताया कि हज भवन में कोरोना से बचाव को लेकर तमाम जरूरी उपाय किये गये हैं। जुमे की तकरीर में भी कोरोने के खतरे से आगाह करते हुए लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम डॉक्टर्स, बिहार ने जनहित में एक निर्देशिका भी बांटी, जिसमें एहतियात के उपाय बताये गये थे।