इंदौर के खजराना का नाम बदलने की मांग, सांसद लालवानी ने दिया सुझाव

इंदौर के खजराना का नाम बदलने की मांग, सांसद लालवानी ने दिया सुझाव

इंदौर
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राह पर मध्य प्रदेश के नेता भी चल पड़े हैं. यूपी के कई शहरों के नाम बदलने की चर्चाओं के बाद अब इंदौर में स्थित खजराना इलाके का नाम बदलने की चर्चा चल पड़ी है. गौर करने वाली बात यह है कि इंदौर के सांसद शंकर लालवानी (Indore MP Shankar Lalwani) भी इस पर जोर दे रहे हैं. MP विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के भोपाल के ईदगाह का नाम बदलने की मांग के बाद इंदौर से सांसद शंकर लालवानी ने भी रविवार को प्रसिद्ध खजराना इलाके का नाम बदलने का समर्थन किया है.

सांसद शंकर लालवानी ने रविवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि कई जगहों के मूल नाम बदले गए हैं. इंदौर में भी कई क्षेत्र हैं जो प्रसिद्ध हैं, जिन्हें दूसरे नामों से बोला जाता है. यहां भी खजराना में है तो गणेश मंदिर, लेकिन जाना जाता है खजराना के नाम से. यहां विश्व प्रसिद्ध भगवान गणेश का मंदिर है. लाखों लोग दर्शन के लिए आते हैं. नाम बदलने की इस चर्चा के बीच कई स्थानीय लोग कहते हैं कि इस इलाके का नाम भी गणेश कॉलोनी या गणेश नगर होना चाहिए. अगर लोगों की आस्था है तो एसा किया जा सकता है, अच्छा है.

मंदिर निर्माण के पीछे ये है रोचक कहानी
गौरतलब है कि खजराना विश्व प्रसिद्ध मंदिर है और इसकी स्थापना के पीछे भी रोचक कहानियां हैं. बताया जाता है कि जब होलकर वंश का यहां राज था तब स्थानीय पंडित मंगल भट्ट को भगवान ने सपना दिखाया था. इस सपने को सुनने के बाद रानी अहिल्या बाई होलकर ने उस जगह खुदाई कराई और यहां से ठीक वैसी ही भगवान गणेश की मूर्ति निकली जैसी सपने में बताई गई थी. इसके बाद 1735 में यहां मंदिर का निर्माण किया गया. मान्यता है कि यहां भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है.

प्रोटेम स्पीकर कर चुके हैं जगह का नाम बदलने की मांग
गौरतलब है कि मप्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा भी हाल ही में भोपाल के ईदगाह हिल का नाम बदलने का मांग कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि ईदगाह हिल का नाम गुरु नानक देव के नाम पर होना चाहिए, क्योंकि गुरू नानक देव यहां आए थे और उन्होंने लोगों को धर्म का रास्ता दिखाया था. बता दें, योगी आदित्य नाथ भी हैदराबाद में नगर निकाय चुनावों के दौरान कहा था कि अगर बीजेपी जीती तो हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर कर देंगे.