आम्रपाली कंपनी ने धौनी से लेकर कैफ तक पूरी क्रिकेट टीम को दिया झांसा
नोएडा
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी सात साल तक आम्रपाली कंपनी के ब्रांड एम्बेसडर रहे थे। अप्रैल 2016 में ट्विटर पर लोगों ने ग्रुप के प्रोजेक्ट पूरे न होने के कारण उनको भी निशाने पर ले लिया था, जिसके बाद धौनी ने ब्रांड अंबेसडर के तौर पर कंपनी से किनारा कर लिया था। इसके बाद धौनी के ब्रांड प्रमोशन को मैनेज करने वाली कंपनी रति स्पोर्ट्स ने दिल्ली हाईकोर्ट में आम्रपाली के खिलाफ 150 करोड़ रुपये की रिकवरी के लिए केस किया था। रति स्पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर अरुण पांडे ने बातचीत में बताया था कि कंपनी ने ब्रैंडिंग और मार्केटिंग ऐक्टिविटीज के लिए हमें पैसा नहीं दिया है। कंपनी के ऊपर हमारा 200 करोड़ रुपये बकाया है।
पूरी क्रिकेट टीम को विला देने का वादा : वर्ष 2011 में विश्व कप जीतने वाली क्रिकेट टीम के प्रत्येक सदस्य को आम्रपाली ने 2016 में अपने नोएडा एक्सटेंशन स्थित ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में विला देने का वादा किया था। इस ऐलान में धोनी को 1 करोड़ रुपये और अन्य खिलाड़ियों को 55 लाख की कीमत का 1690 वर्गफुट का एरिया वाला विला देने की बात कही गई थी। यह वादा अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
क्रिकेटर मौहम्मद कैफ ने भी मुकदमा दर्ज कराया था : क्रिकेटर मौहम्मद कैफ ने भी आम्रपाली के खिलाफ नोएडा में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि आम्रपाली के निदेशक अनिल शर्मा, शिव प्रिया और अजय कुमार ने एश्योर्ड रिटर्न स्कीम के तहत अपनी अल्ट्रा होम कंस्टक्शन प्राइवेट लिमिटेड में उनसे दो करोड़ रुपये का निवेश करवाया।
छह जून, 10 सितंबर 2012 और 10 जनवरी 2013 को चार चेकों के माध्यम से 50-50 लाख रुपये की चार किस्तों का भुगतान लिया था। इसकी एवज में तीन फ्लैटों का आवंटन किया। लेकिन बाद में कहा गया कि प्रोजेक्ट में देरी हो रही है। आप अपना पैसा वापस ले लें। जो चेक दिए वो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।
bhavtarini.com@gmail.com 