इंदौर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे दिग्विजय सिंह

इंदौर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे दिग्विजय सिंह

शहर की छावनी अनाज मंडी में पार्टी के प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे

इंदौर। राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह मंगलवार को ‘भारत बंद’ के दौरान मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने सोमवार को बताया कि सिंह किसान आंदोलन के समर्थन में बंद के दौरान शहर की छावनी अनाज मंडी में पार्टी के प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान केंद्र के नए कृषि कानूनों को लेकर विरोध जताया जाएगा। शहर के प्रमुख कारोबारी संगठनों ने हालांकि ‘भारत बंद’ को खुलकर समर्थन नहीं दिया है। लेकिन बंद की पूर्व संध्या पर सोमवार को यहां रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई।

रैली निकालकर समर्थन में प्रतिष्ठान बंद रखें

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रवक्ता आशीष भैरम ने बताया कि उनका संगठन ‘भारत बंद’ के दौरान शहर में रैली निकालकर व्यापारियों से अनुरोध करेगा कि वे किसानों के हितों के समर्थन में मंगलवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में ‘भारत बंद’ के दौरान हालात पर पैनी नजर रखी जाएगी और किसी भी अप्रिय स्थिति से सख्ती से निपटा जाएगा।

कृषि उपज मंडी का अधिकार राज्य सरकारों से छिन गया

बता दें कि कल दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर उपचुनावों के नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब तक बैलेट पेपर हाथ में नहीं आएगा, हमें भरोसा नहीं होगा। उन्होंने 1977 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि तब जनता पार्टी की लहर थी और हमें गावों में घुसने नहीं दिया गया था। यहां उल्टा हुआ है जिन्हें गावों में घुसने नहीं दिया गया, वो 60 से 70 हजार वोटों से चुनाव जीत गये। ये अचंभित करने वाली बात है। वहीं, कृषि कानूनों पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा था कि कृषि कानूनों को समझने की जरूरत है। कृषि उपज मंडी का अधिकार राज्य सरकारों से छिन गया है। किसान विरोधी कानून का हम समर्थन नहीं करते हैं। केंद्र सरकार ने किसी से चर्चा नहीं की और कानून बना दिया। मोदी जी अहंकार छोड़े और कानून वापस लें। अन्नदाता के परेशान रहते किसी का भला नहीं हो सकता है।