BJP विधायक राजेश मिश्रा की बेटी बोली- भाई मारता रहता, मैं उसके पैर पकड़ मनाती रहती

BJP विधायक राजेश मिश्रा की बेटी बोली- भाई मारता रहता, मैं उसके पैर पकड़ मनाती रहती

 
नई दिल्ली 

वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आईं बरेली के बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी और उसके पति अजितेश शुक्रवार को आजतक के स्टूडियो पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अपने रिश्ते की कहानी बताई और आपबीती सुनाई.

स्टूडियो में अजितेश के पिता भी मौजूद रहे. वे अपने बेटे और बहू से मिलकर भावुक हो गए. इसी दौरान स्टूडियो से साक्षी के पिता के पास भी फोन लगाया गया. उन्होंने साक्षी से ज्यादा बात तो नहीं की लेकिन उन्होंने अपनी बेटी को शुभकामनाएं जरूर दीं. और उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से बेटी को कोई खतरा नहीं है.

इसके बाद साक्षी ने अपनी आपबीती सुनाई कि कैसे घर पर उसके साथ सुलूक किया जाता था और कैसे उसके भाई को ज्यादा छूट दी जाती थी. साक्षी ने बताया कि जिस प्रकार मेरे भाई को सारी छूट दी जाती थी वो मुझे कभी नहीं दी गई. मेरी मां ने भी मेरे बारे में पिताजी को गलत-गलत चीजें बताईं थीं. इसके बाद ऐसी बातों से मेरी हिम्मत बढ़ गई और मैं वही करने लगी जिसका डर ये लोग दिखाते थे.

साक्षी ने बताया कि जब मैं अजितेश से बात करती थी तो सबसे पहले इसकी जानकारी मेरे भाई विक्की को लगी. वह बार-बार इस बारे में मुझसे पूछता था. धीरे-धीरे वह मुझे गलत शब्दों में डांटने लगा. साक्षी ने कहा कि हद तो तब हो गई जब विक्की मुझे पीटने लगा. वह पीटता रहता था और मैं उसके पैर पकड़कर मनाती रहती थी. साक्षी ने कहा कि मुझे और मेरे पति को सुरक्षा का खतरा मेरे भाई और पिताजी के दोस्तों से ही है. इसीलिए हमने वीडियो को सोशल मीडिया में पोस्ट किया था ताकि मैं इन लोगों से बच सकूं.

इस दौरान साक्षी ने अपनी मां पर भी आरोप लगाए. साक्षी ने बताया कि जयपुर में पढ़ाई के दौरान जब मम्मी मेरे पास रहने गई तो वह मुझे बहुत डराती थीं. अखबार में नेगेटिव ख़बरें दिखाती थीं कि कैसे किसी बागी लड़की को घर वाले मार देते हैं. वो मुझे हॉरर किलिंग का डर दिखाती थी.

इसके बाद आजतक स्टूडियो से ही साक्षी ने अपने पिता के करीबी राजीव नाम के शख्स से भी कई सवाल पूछे और कहा कि मेरे ऊपर चोरी करके भागने के गलत आरोप लगाए जा रहे हैं, ये सब गलत हैं.