मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गंगापुर सिटी के परिवादी विकास वाल्मीकि से सीधे संवाद कर सुनी समस्या, रात में ही जुटा प्रशासन एवं पीएचईडी विभाग
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मजबूत मॉनिटरिंग से परिवादों के निस्तारण में 65% की रिकॉर्ड वृद्धि, समाधान में लगने वाला औसत समय घटकर 12 दिन पर आया
जयपुर। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं नागरिकों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राजस्थान सम्पर्क हेल्पलाइन-181 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान को सुनिश्चित कर रही है। इसका उदाहरण गंगापुर सिटी के वार्ड संख्या 37 निवासी विकास वाल्मीकि की पेयजल समस्या का त्वरित निस्तारण है।
विकास वाल्मीकि के क्षेत्र में पिछले करीब छह माह से पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए परिवादी ने राजस्थान सम्पर्क हेल्पलाइन-181 पर शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 9 अक्टूबर को राजस्थान सम्पर्क हेल्पलाइन-181 के निरीक्षण के दौरान परिवादी विकास वाल्मीकि से सीधे संवाद कर उनकी समस्या सुनी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में स्थानीय प्रशासन एवं पीएचईडी के अधिकारी सक्रिय हुए। उपखंड अधिकारी विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विभागीय टीम ने आवश्यक संसाधनों एवं श्रमिकों की सहायता से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। प्रशासन एवं विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसी दिन रात में पाइपलाइन दुरुस्त कर दी गई।
इस दौरान वार्ड संख्या 37 के पार्षद पदम जोशी एवं वार्ड संख्या 38 के पार्षद सतीश भी मौके पर मौजूद रहे। पेयजल समस्या से जूझ रहे परिवार को शिकायत दर्ज कराने के बाद चंद घंटों में राहत मिलने पर परिवादी विकास वाल्मीकि सहित दोनों पार्षदों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हृदय से आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों की दैनिक समीक्षा से हेल्पलाइन की बढ़ी प्रभावशीलता
गंगापुर सिटी का यह मामला हेल्पलाइन-181 की मुस्तैदी का इकलौता उदाहरण नहीं है बल्कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर किए गए नीतिगत बदलावों का परिणाम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार अब रोजाना एक वरिष्ठ अधिकारी 181 कंट्रोल रूम की विजिट कर अपने विभाग से संबंधित शिकायतों, उनके समाधान, परिवादियों के संतुष्टि स्तर तथा निस्तारण में लगने वाले समय को कम करने के उपायों की समीक्षा करते हैं। इसी क्रम में 9 अक्टूबर को स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने और 10 अक्टूबर को मुख्य सचिव (सीएस) ने कंट्रोल रूम का दौरा कर पोर्टल के ऑपरेशनल पार्ट में ही रहे नित नए सुधार एवं इससे मिल रहे परिणामों की सिस्टम समीक्षा की।
छह माह में 28 लाख से अधिक परिवादों का रिकॉर्ड निस्तारण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इन प्रयासों और दैनिक मॉनिटरिंग के फलस्वरूप हेल्पलाइन के प्रदर्शन में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान पुराने लंबित मामलों सहित रिकॉर्ड 28 लाख 8 हजार 716 परिवादों का निस्तारण किया गया। यह संख्या अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 की पिछली अवधि की तुलना में करीब 65 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इसके साथ ही, त्वरित कार्यप्रणाली से शिकायतों के निस्तारण का औसत समय 16 दिन से घटकर 12 दिन पर आ गया है, और परिवादियों का संतुष्टि स्तर 64.82 प्रतिशत से बढ़कर 67.98 प्रतिशत पहुंच गया है।
यह संपूर्ण प्रकरण दर्शाता है कि हेल्पलाइन-181 के माध्यम से आमजन की समस्या शासन तक पहुंचने पर त्वरित कार्रवाई, विभागीय समन्वय एवं प्रशासनिक जवाबदेही के जरिए प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक परिवादी की समस्या का समयबद्ध निस्तारण हो और आमजन को राहत मिले।
bhavtarini.com@gmail.com
