मप्र में आधी रात बडी प्रशासनिक सर्जरी, मनीष सिंह बने जनसंपर्क आयुक्त

मप्र में आधी रात बडी प्रशासनिक सर्जरी, मनीष सिंह बने जनसंपर्क आयुक्त

भोपाल, मध्य प्रदेश में शुक्रवार रात 2 बजे के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) अधिकारियों के तबादले किए गए। 

कई विभागों में हुआ फेरबदल

कई अहम विभागों-स्वास्थ्य, वन, जनसंपर्क, आबकारी, कृषि, बिजली वितरण और जिला पंचायत-में जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसे सरकार की कार्यकुशलता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

मनीष सिंह की जनसंपर्क विभाग में वापसी

मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग की कमान सौंपी गई है। वे आयुक्त जनसंपर्क के साथ-साथ परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। सरकार की नीतियों और योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। डिजिटल और मीडिया प्रबंधन के दौर में जनसंपर्क विभाग की सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है।

दीपक सक्सेना बने आबकारी आयुक्त

जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को अब आबकारी आयुक्त बनाया गया है। वे करीब चार महीने तक जनसंपर्क विभाग में रहे। आबकारी विभाग में उनकी नियुक्ति नई आबकारी नीति लागू होने से पहले की गई है, जिसे राजस्व वृद्धि और अवैध शराब पर नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की कमान

अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की कमान सौंपी गई है। वे अब स्वास्थ्य सेवाओं की समग्र निगरानी करेंगे। उनकी जगह अब तक स्वास्थ्य विभाग संभाल रहे प्रमुख सचिव संदीप यादव को वन विभाग में पदस्थ किया गया है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विभाग में यह बदलाव प्रशासनिक प्राथमिकताओं का संकेत माना जा रहा है।

संदीप यादव स्वास्थ्य से हटाकर वन विभाग दिया

स्वास्थ्य विभाग से हटाकर संदीप यादव को प्रमुख सचिव, वन विभाग बनाया गया है। वन संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। यह विभाग लंबे समय से रणनीतिक सुधारों की प्रतीक्षा में था।

अभिजीत अग्रवाल बने मार्कफेड के प्रबंध संचालक 

दो वर्षों से आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को प्रबंध संचालक, राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) बनाया गया है। नई आबकारी नीति से ठीक पहले उनका तबादला प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

कृषि विभाग में बदलाव: उमाशंकर भार्गव की वापसी

2011 बैच के अधिकारी उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग का संचालक बनाया गया है। इससे पहले वे राज्यपाल के अपर सचिव के रूप में पदस्थ थे।

अजय गुप्ता पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बने

इसी क्रम में 2009 बैच के अजय गुप्ता को किसान कल्याण विभाग से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है। बिजली वितरण व्यवस्था सुधारने और राजस्व संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।

जिला पंचायत सीईओ पदों पर नई पदस्थापना

भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उप सचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है। आगर मालवा जिला पंचायत की सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव कमल सोलंकी को रायसेन जिला पंचायत का सीईओ पदस्थ किया गया है।

4 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के भी तबादले

देर रात जारी आदेश में चार राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। भुरला सिंह सोलंकी को जिला पंचायत आगर मालवा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन, वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड और राकेश शर्मा को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में मुख्य महाप्रबंधक पद पर पदस्थ किया गया है।